फाजिल्का के अबोहर में जमीन के लिए बेटे ने की मां से मारपीट, बुजुर्ग महिला अस्पताल में भर्ती
अबोहर, 16 अप्रैल — पंजाब के फाजिल्का जिले के सप्पांवाली गांव से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बेटे ने जमीन हड़पने के लिए अपनी ही मां पर जानलेवा हमला कर दिया। घायल बुजुर्ग महिला धर्मो बाई को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
धर्मो बाई ने बताया कि उन्होंने पहले ही अपनी कुल जमीन में से 6-6 एकड़ जमीन अपने दोनों बेटों को बांट दी थी। उनके पास अब केवल 3 एकड़ जमीन बची है, जिस पर उनका बड़ा बेटा खुशहाल कब्जा करना चाहता है। आरोप है कि जब वे खेत में काम कर रही थीं, तभी खुशहाल ने उन पर हमला कर दिया।
पहले भी कर चुके हैं मारपीट
घटना के बारे में जानकारी देते हुए छोटे बेटे रमेश ने बताया कि खुशहाल और उसकी पत्नी पहले भी मां के साथ कई बार मारपीट कर चुके हैं। अब वे मां की बची हुई जमीन भी हथियाना चाहते हैं।
पुलिस जांच जारी
इस मामले में एसएचओ परमजीत ने बताया कि फिलहाल घायल महिला की मेडिको लीगल रिपोर्ट (MLR) का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट मिलते ही धर्मो बाई के बयान दर्ज किए जाएंगे और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि “बुजुर्ग मां के साथ ऐसा अमानवीय व्यवहार किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। मामले को गंभीरता से लिया गया है।”
गांव में रोष का माहौल
इस अमानवीय घटना से गांव में रोष का माहौल है। लोगों का कहना है कि जिस मां ने बच्चों को जन्म देकर जमीन तक बांट दी, उसके साथ ऐसा बर्ताव न केवल कानून, बल्कि समाज के लिए भी शर्मनाक है।