फिरोजपुर से रेल सेवाओं को लेकर राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी ने की केंद्रीय मंत्री से मुलाकात, शताब्दी और हजूर साहिब के लिए ट्रेन शुरू करने की मांग
नई दिल्ली/फिरोजपुर: पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी ने हाल ही में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस मुलाकात में उन्होंने विशेष रूप से फिरोजपुर क्षेत्र से जुड़ी रेल सेवाओं को बेहतर करने की मांग उठाई।
शताब्दी एक्सप्रेस और धार्मिक यात्रियों के लिए विशेष ट्रेन की मांग
राणा सोढ़ी ने रेल मंत्री के समक्ष कोविड काल में बंद हुई फिरोजपुर शताब्दी एक्सप्रेस को दोबारा शुरू करने की अपील की। इसके अलावा, उन्होंने पंजाब के श्रद्धालुओं के लिए तख्त श्री हजूर साहिब, नांदेड़ तक सीधी रेल सेवा शुरू करने की आवश्यकता जताई। उनका कहना है कि पंजाब और खासकर फिरोजपुर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु तख्त श्री हजूर साहिब जाते हैं, ऐसे में एक सीधी ट्रेन सेवा इस क्षेत्र के लोगों के लिए लाभदायक होगी।
बंद हो चुकी हरिद्वार ट्रेन की बहाली की मांग
सोढ़ी ने बताया कि पहले फिरोजपुर से हरिद्वार के लिए सीधी ट्रेन चलती थी जिसे बंद कर दिया गया था। उन्होंने इस ट्रेन सेवा को भी पुनः शुरू करने की मांग की, ताकि श्रद्धालु गंगा स्नान व धार्मिक कार्यों के लिए आसानी से यात्रा कर सकें।
AC कोच जोड़ने की मांग
इसके अलावा राणा सोढ़ी ने फिरोजपुर-चंडीगढ़ के बीच चलने वाली ट्रेनों में AC 3-टियर और AC चेयर कार कोच जोड़ने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में यात्रियों को आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिलना चाहिए।
रेल मंत्री ने दिया समाधान का आश्वासन
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राणा सोढ़ी को भरोसा दिलाया कि वे इन सभी मुद्दों पर सकारात्मक विचार करेंगे और सम्भव समाधान जल्द लागू किया जाएगा।