पंजाब में आतंकी खतरे के बीच हाई अलर्ट: सीएम भगवंत मान की सुरक्षा बैठक, एंटी ड्रोन सिस्टम जल्द लॉन्च होगा

चंडीगढ़: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले के बाद पंजाब सरकार ने प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। आज मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री आवास पर एक उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक आयोजित की गई।
सीएम भगवंत मान ने कही ये बातें:
बैठक के बाद सीएम ने कहा:
“हमने कई अहम बिंदुओं पर चर्चा की है। पंजाब पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। राज्य के सभी पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।”
अब सिविल और वर्दीधारी पुलिसकर्मी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सक्रिय निगरानी रखेंगे।
जम्मू-कश्मीर से पंजाब के लोगों की वापसी की तैयारी
सीएम ने बताया कि जम्मू-कश्मीर प्रशासन और पुलिस के साथ सम्पर्क में हैं और वहां फंसे पंजाब के पर्यटकों को पठानकोट के रास्ते सुरक्षित वापस लाने की कोशिशें जारी हैं। उन्होंने हमले की निंदा करते हुए कहा कि
“निर्दोष लोगों पर हमला किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
एंटी ड्रोन सिस्टम जल्द होगा तैनात
बैठक में डीजीपी पंजाब पुलिस ने खुलासा किया कि प्रदेश में जल्द ही एंटी ड्रोन सिस्टम लॉन्च किया जाएगा।
“सीमा पार बैठे लोग अब ड्रोन के जरिए आतंक, हथियार और नशा भेजने की कोशिश कर रहे हैं। ये पाकिस्तान की प्रॉक्सी वॉर है।”
सीएम मान ने कहा कि अब आतंकवादी, गैंगस्टर और तस्कर एक गठजोड़ के तहत काम कर रहे हैं। ड्रोन से हेरोइन, हथियार और पैसा एक साथ भेजा जा रहा है, लेकिन सरकार की “युद्ध नशे के विरुद्ध” मुहिम से इस नेटवर्क पर काफी हद तक लगाम लगी है।
सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक स्थायित्व के लिए भी पंजाब सरकार का यह कदम बेहद अहम माना जा रहा है।










