3704 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में, 28 अप्रैल को स्टेशन चयन का अंतिम मौका
गैरहाजिर रहने पर नियुक्ति का दावा होगा रद्द, शिक्षा विभाग ने जारी किए सख्त निर्देश
चंडीगढ़: पंजाब सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के उद्देश्य से की जा रही 3704 शिक्षकों की भर्ती अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। हालांकि, कई ऐसे चयनित अभ्यर्थी हैं जिन्हें नियुक्ति पत्र मिलने के बावजूद उन्होंने स्टेशन चयन प्रक्रिया में भाग नहीं लिया। ऐसे उम्मीदवारों को अब 28 अप्रैल को मोहाली स्थित पंजाब शिक्षा विभाग मुख्यालय में अंतिम मौका दिया गया है।
शिक्षा विभाग की सख्ती – नहीं आए तो नियुक्ति रद्द शिक्षा विभाग ने साफ शब्दों में कहा है कि यदि चयनित अभ्यर्थी इस तिथि पर स्टेशन चयन के लिए उपस्थित नहीं होते, तो उनका नियुक्ति का दावा स्वतः निरस्त कर दिया जाएगा। विभाग द्वारा इस संबंध में स्पष्ट आदेश जारी कर दिए गए हैं।
2020 में शुरू हुई थी भर्ती प्रक्रिया 3704 पदों पर मास्टर कैडर की यह भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2020 में शुरू की गई थी, जो कानूनी अड़चनों की वजह से हाईकोर्ट तक भी पहुंची। बाद में हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुसार सिलेक्शन सूची को री-कास्ट किया गया। नई मेरिट सूची के तहत अंग्रेजी, हिंदी, गणित और विज्ञान विषयों में योग्य उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र अप्रैल के पहले सप्ताह (5 से 7 अप्रैल) में दिए गए।
इसके बाद 9 अप्रैल को स्टेशन अलॉटमेंट के लिए बुलाया गया था, लेकिन बड़ी संख्या में चयनित शिक्षक उस दिन अनुपस्थित रहे। अब 28 अप्रैल को अंतिम अवसर दिया गया है।
शिक्षकों की भारी कमी, सरकार पर दबाव पंजाब में शिक्षकों की भारी कमी एक लंबे समय से चिंता का विषय रही है। यह मुद्दा पंजाब विधानसभा के बजट सत्र में भी जोरशोर से उठा था। खासकर होशियारपुर जिले के चब्बेवाल से विधायक इशांक चब्बेवाल ने अपने हलके में शिक्षकों की भारी कमी को प्रमुखता से उठाया था।
इस पर शिक्षामंत्री ने आश्वासन दिया था कि अप्रैल में ही 3200 से अधिक शिक्षक स्कूलों को उपलब्ध करा दिए जाएंगे, जिनमें 700 से अधिक शिक्षक सिर्फ होशियारपुर क्षेत्र को मिलेंगे।