आज भारत छोड़ने की पाकिस्तानी नागरिकों की अंतिम तारीख, सरकार सख्त – गिरफ्तारी या जुर्माने का अल्टीमेटम

नई दिल्ली/अटारी: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार द्वारा लिए गए सख्त फैसलों के तहत, आज (29 अप्रैल 2025) वह आखिरी दिन है, जब भारत में मौजूद पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ना है। दो बार समय सीमा बढ़ाए जाने के बाद भी जो नागरिक भारत में रुके हुए हैं, उन पर अब कानूनी कार्रवाई की तलवार लटक रही है।
अब तक 537 पाक नागरिक लौटे
24 से 27 अप्रैल के बीच 537 पाकिस्तानी नागरिक, जिनमें 9 राजनयिक व अधिकारी भी शामिल हैं, अटारी-वाघा सीमा के ज़रिए पाकिस्तान लौट चुके हैं। इनकी तारीखवार संख्या इस प्रकार है:
-
24 अप्रैल: 28
-
25 अप्रैल: 191
-
26 अप्रैल: 81
-
27 अप्रैल: 237 (9 राजनयिक शामिल)
पंजाब में 235 पाक नागरिक मौजूद
पंजाब पुलिस के अनुसार, राज्य में 235 पाकिस्तानी नागरिक वीजा पर रह रहे हैं। डीजीपी गौरव यादव ने इस बाबत चेतावनी दी है कि सरकार के आदेश के अनुसार, यदि ये लोग आज तय समय सीमा तक भारत नहीं छोड़ते, तो पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर सकती है।
कानूनी प्रावधान: 3 साल की जेल या ₹3 लाख का जुर्माना
भारत सरकार ने रविवार शाम को नोटिस जारी करते हुए साफ कर दिया है कि:
-
तय डेडलाइन के बाद भी जो पाक नागरिक भारत में रहेगा,
-
उसे गिरफ्तार कर Foreigners Act के तहत केस दर्ज किया जाएगा।
-
सज़ा के रूप में तीन साल की जेल, ₹3 लाख तक का जुर्माना, या दोनों का प्रावधान है।










