हरियाणा के अंबाला में नकली शराब की फैक्ट्री का भंडाफोड़, सैकड़ों पेटियां, हजारों बोतलें और केमिकल बरामद
अंबाला, हरियाणा: अंबाला पुलिस ने शहजादपुर थाना क्षेत्र में एक रिहायशी इलाके में चल रही नकली देसी शराब की फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से हरियाणा और पंजाब में बिकने वाली देसी शराब के नाम से तैयार सैकड़ों पेटियां, हजारों खाली बोतलें, ढक्कन, होलोग्राम, लेबल, क्यूआर कोड, स्प्रिट और बड़े-बड़े केमिकल ड्रम बरामद किए हैं। मौके से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जो चाय की छलनी से शराब छानकर उसे बोतलों में भर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को बुधवार देर रात सूचना मिली थी कि शहजादपुर थाने से कुछ ही दूरी पर नकली शराब बनाई जा रही है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रात 10 बजे बताए गए मकान पर छापा मारा। पुलिस के पहुंचते ही अंदर काम कर रहे तीन लोग भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन उन्हें तुरंत पकड़ लिया गया।
मौके की जब तलाशी ली गई, तो पुलिस हैरान रह गई। मकान के अंदर एक व्यवस्थित तरीके से नकली शराब तैयार की जा रही थी। वहां किसी भी तरह के लाइसेंस या वैध दस्तावेज मौजूद नहीं थे। पूछताछ में आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एक्साइज विभाग को मौके पर बुलाया गया। विभाग की टीम अब बरामद किए गए माल का आकलन कर रही है। बता दें कि छह महीने पहले यमुनानगर में भी एक ऐसी ही फैक्ट्री पकड़ी गई थी, जिसकी शराब पीने से कई लोगों की मौत हो गई थी। इस ताज़ा घटना ने एक बार फिर नकली शराब कारोबार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।