सीजफायर के बाद अमृतसर एयरपोर्ट पर पहली फ्लाइट लैंड, PM मोदी ने आदमपुर एयरबेस पर जवानों से की मुलाकात

अमृतसर/आदमपुर, 14 मई: भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर के बाद अमन की दिशा में पहला कदम मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात देखा गया, जब अमृतसर एयरपोर्ट पर पहली यात्री फ्लाइट लैंड हुई। यह फ्लाइट कतर एयरवेज की थी। इसके तुरंत बाद इंडिगो एयरलाइंस ने भी बुधवार से पंजाब के लिए नियमित उड़ानें शुरू करने की घोषणा कर दी।
वहीं मंगलवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब के आदमपुर एयरबेस पहुंचे और वहां भारतीय वायुसेना के जवानों से मुलाकात की। इस दौरान जवानों ने शायराना अंदाज में पाकिस्तान को करारा संदेश दिया। एक जवान ने कहा:
“आग लगा दूंगा कलम से…. दुश्मनों सावधान,
एक परमाणु बम से कम नहीं भारत का नौजवान।”
पीएम मोदी ने इस दौरान जवान के कंधे पर तीन बार उत्साहवर्धक थपकी भी दी। एक अन्य जवान ने कहा:
“सेना का नुकसान करने की थी तैयारी,
हमने उन्हें सीने पर चढ़कर दिखा दिया कि हमारे वीरों की कैसी है तैयारी।”
इसके बाद प्रधानमंत्री ने 28 मिनट तक जवानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा:
“भारत में निर्दोष लोगों का खून बहाने का एक ही अंजाम होगा – विनाश और महाविनाश।”
उन्होंने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि आतंकियों को अब कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं मिलेगा। भारत की सेना, वायुसेना और नेवी मिलकर पाकिस्तान को हर स्तर पर करारा जवाब देने में सक्षम हैं।
“हम घर में घुसकर मारेंगे और बचने का एक मौका तक नहीं देंगे। हमारे ड्रोन और मिसाइलों से पाकिस्तान को कई दिन तक नींद नहीं आएगी,” पीएम मोदी ने दो टूक कहा।
उन्होंने अपने संबोधन का अंत ‘भारत माता की जय’ के जयघोष के साथ किया और कहा:
“जब भारत के सैनिक मां भारती की जय बोलते हैं, तो दुश्मनों के कलेजे कांप उठते हैं। न्यूक्लियर ब्लैकमेल की धमकियों की हवा हमारी फौज निकाल चुकी है।”










