पंजाब में बढ़ रही गर्मी, 17 मई से मिलेगी राहत; कई जिलों में बारिश के आसार

चंडीगढ़, 14 मई 2025 — पंजाब में गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान में औसतन 1.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि यह तापमान सामान्य के आसपास है, लेकिन गर्म हवाओं के कारण लोगों को लू जैसे हालात का सामना करना पड़ रहा है।
बठिंडा में सबसे अधिक तापमान
बुधवार को बठिंडा के एयरफोर्स स्टेशन पर राज्य का सबसे अधिक तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक है। अन्य प्रमुख शहरों में चंडीगढ़ में 39.9 डिग्री, लुधियाना में 40.6 डिग्री और पटियाला में 40.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं अमृतसर और गुरदासपुर जैसे जिलों में भी पारा 38 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया।
17 मई से राहत के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र ने अनुमान जताया है कि आने वाले तीन दिनों तक गर्मी का असर बना रहेगा, लेकिन 17 मई से राज्य में मौसम में बदलाव के संकेत हैं। कुछ जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।
किन जिलों में हो सकती है बारिश?
मौसम विभाग के अनुसार 17 मई को नवांशहर, मोहाली, पटियाला, संगरूर, मानसा, बठिंडा, फाजिल्का और मुक्तसर समेत कुल 11 जिलों में छिटपुट बारिश हो सकती है। बारिश की संभावना लगभग 25% क्षेत्र में है।
प्रमुख शहरों का मौसम पूर्वानुमान
-
अमृतसर: हल्के बादल छाए रहेंगे। तापमान 23°C से 38°C तक।
-
जालंधर: हल्के बादल रहेंगे। तापमान 22°C से 36°C तक।
-
लुधियाना: हल्के बादल और बारिश की संभावना। तापमान 24°C से 38°C तक।
-
पटियाला: बादल छाए रहेंगे, बारिश की संभावना। तापमान 24°C से 39°C तक।
-
मोहाली: बादल और हल्की बारिश की संभावना। तापमान 25°C से 37°C तक।










