लंदन में पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा की कार में तोड़फोड़, लाखों के बैग और अटैची चोरी
लंदन में मौजूद पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा की लक्ज़री कार जगुआर में तोड़फोड़ कर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के महंगे बैग और अटैची पर हाथ साफ कर दिया। यह वारदात शुक्रवार सुबह सामने आई, जब सिंगर ने खुद सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर घटना की जानकारी दी।
सुनंदा ने बताया कि वे इन दिनों लंदन में किसी निजी काम से आई हुई हैं। जब वे बाहर निकलीं तो देखा कि उनकी कार का पिछला शीशा टूटा हुआ था। उन्होंने कहा, “लंदन में शरारती तत्वों ने मेरी कार का शीशा तोड़कर अंदर रखे मेरे कीमती बैग और एक अटैची चोरी कर लिए हैं।”
सिंगर के मुताबिक, चोरी हुए सामान में दो लुई वुइटन के बैग, एक अटैची और एक हैंडबैग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ये बैग उनके फेवरेट थे और मेहनत की कमाई से खरीदे गए थे।
वीडियो में सुनंदा कार के पास खड़ी नजर आ रही हैं और बेहद निराश मन से कह रही हैं, “एवरीथिंग इज गॉन” (सब कुछ चला गया)। उनके चेहरे पर इस वारदात का गहरा असर साफ नजर आ रहा था।
फिलहाल, इस मामले में स्थानीय पुलिस से संपर्क करने की जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन फैंस सोशल मीडिया पर उन्हें सांत्वना दे रहे हैं और जल्द न्याय की उम्मीद जता रहे हैं।