पाकिस्तानी डॉन के प्रचार में लिप्त दो सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर गिरफ्तार, पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई
लुधियाना/मानसा: पंजाब स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी के प्रचार में लिप्त पाए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनवीर सिंह उर्फ मनी मूसेवाला (निवासी गांव घंगास, तहसील पायल, जिला लुधियाना) और सुखवीर सिंह (निवासी मानसा) के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपी अपने-अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स से शहजाद भट्टी के वीडियो और संदेश साझा कर रहे थे। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि ये आरोपी पहले केवल सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने के मकसद से यह सामग्री साझा करते थे, लेकिन धीरे-धीरे वे इस नेटवर्क का हिस्सा बन गए और आतंकवाद के प्रचार में सक्रिय भूमिका निभाने लगे।
जेल से लौटकर सोशल मीडिया पर बढ़ाई पकड़ गिरफ्तार सुखवीर सिंह के खिलाफ वर्ष 2020 में हत्या का मामला दर्ज है। वह करीब दो वर्षों तक बठिंडा और मानसा की जेलों में बंद रहा। रिहाई के बाद उसने इंस्टाग्राम पर “Sukhveer_khipal” नाम से अपनी प्रोफाइल बनाकर सोशल मीडिया पर सक्रियता बढ़ाई और देखते ही देखते हजारों फॉलोअर्स जुटा लिए।
वहीं, मनवीर सिंह, जो शुरुआत में बाइक मैकेनिक और बाद में फोटोग्राफर के रूप में काम करता था, अपने इंस्टाग्राम हैंडल “mani_moosewala” पर नियमित सामग्री पोस्ट कर एक लोकप्रिय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बन गया। दोनों आरोपियों को सोशल मीडिया से आर्थिक लाभ भी मिल रहा था।
अब पुलिस जांच में जुटी पंजाब पुलिस की स्पेशल टीम अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि शहजाद भट्टी ने और कितने युवाओं को अपने जाल में फंसाया है। साथ ही, इस गिरोह से जुड़े अन्य संभावित संपर्कों की भी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई का उद्देश्य न केवल सोशल मीडिया पर आतंकवादी गतिविधियों के प्रचार को रोकना है, बल्कि युवाओं को इस तरह की डिजिटल कट्टरता से भी बचाना है।