पंजाब में भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में बिजली गिरने और तेज़ हवाओं की चेतावनी

चंडीगढ़, 22 जुलाई: पंजाब के कई जिलों में आज सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के लिए 24 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से मानसा, संगरूर, बरनाला, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, बठिंडा समेत छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इन इलाकों में 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं और आसमानी बिजली गिरने का भी खतरा है।
मौसम विभाग ने लुधियाना, मोगा, जालंधर और शहीद भगत सिंह नगर में भी मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान की आशंका जताई है। राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है।
हिमाचल की बारिश का असर पंजाब तक, पंडोह डैम से छोड़ा गया पानी
हिमाचल प्रदेश में हो रही भारी बारिश का असर अब पंजाब के जलाशयों पर भी देखने को मिल रहा है। पंडोह डैम का जलस्तर बढ़ने के चलते बीबीएमबी प्रशासन ने एहतियातन डैम के 5 गेट खोल दिए हैं, जिससे करीब 42 हजार क्यूसेक पानी ब्यास नदी में छोड़ा गया। फिलहाल डैम का जलस्तर 2920 फीट है, जो खतरे के निशान 2941 फीट से अभी नीचे है।
ब्यास नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी के किनारे न जाने की अपील की है।
बारिश से पारा गिरा, बठिंडा में सबसे अधिक तापमान
पंजाब में सोमवार को widespread बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 5.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। यह सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा। हालांकि बठिंडा में राज्य का सबसे अधिक तापमान 36°C रिकॉर्ड किया गया।
कहां कितनी बारिश हुई?
-
होशियारपुर: 96 मिमी
-
पठानकोट: 17 मिमी
-
लुधियाना: 10.6 मिमी
-
मोहाली: 10 मिमी










