गुरदासपुर: खैहरा मेडिकल स्टोर पर नकाबपोश ने की फायरिंग, बाल-बाल बचे दुकानदार, जांच में जुटी पुलिस
गुरदासपुर, 11 अगस्त 2025: शहर के व्यस्त बाजार में उस वक्त हड़कंप मच गया जब सोमवार सुबह करीब 9:15 बजे एक नकाबपोश बदमाश ने खैहरा मेडिकल स्टोर पर फायरिंग कर दी। हालांकि, इस वारदात में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। गोलीबारी के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही गुरदासपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मेडिकल स्टोर के मालिक हरजीत सिंह उर्फ डॉ. हरी ने बताया कि वह रोज की तरह अपनी दुकान खोलकर बैठे थे। तभी वडाला बांगर अड्डे की दिशा से एक नकाबपोश युवक स्प्लेंडर बाइक पर आया और सड़क किनारे खड़े होकर दुकान की ओर दो से तीन गोलियां चलाईं। गोलियां सीधे दुकान के शीशे में जाकर लगीं, जिससे नुकसान तो हुआ, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास की दुकानों और घरों से लोग बाहर आ गए। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
इलाके की सुरक्षा पर उठे सवाल गौरतलब है कि कुछ समय पहले इसी क्षेत्र में स्थित वडाला बांगर पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमला हुआ था। अब खुलेआम बाजार में हुई फायरिंग से इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं आम लोगों में भय का माहौल पैदा कर रही हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हमलावर की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह किसी रंजिश या धमकी का मामला लग रहा है, हालांकि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
पुलिस की अपील गुरदासपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अगर किसी ने आरोपी को भागते हुए देखा है या कोई सुराग है, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। वहीं, मेडिकल स्टोर मालिक और आसपास के व्यापारियों ने प्रशासन से बाजार में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।