फाजिल्का में 10 करोड़ 68 लाख रुपए के पीने के पानी के प्रोजेक्ट की शुरुआत, जलालाबाद में 20 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछेगी
फाजिल्का, 11 अगस्त 2025: पंजाब के फाजिल्का जिले के जलालाबाद में पीने के पानी की बेहतर आपूर्ति के लिए एक महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट शुरू किया जा रहा है, जिसकी लागत 10 करोड़ 68 लाख रुपए है। सोमवार को इस प्रोजेक्ट की जानकारी जलालाबाद से विधायक गोल्डी कंबोज ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
विधायक कंबोज ने बताया कि जलालाबाद में पीने के पानी की समस्या को देखते हुए सरकार ने एक नई पाइपलाइन परियोजना मंजूर की है, जिसके तहत करीब 20 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी और 2000 से ज्यादा घरों को पानी के कनेक्शन दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य लोगों को साफ और शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करना है, जिससे उनकी जीवनशैली में सुधार होगा।
कंबोज ने बताया कि जलालाबाद क्षेत्र में पानी की कमी को लेकर लोगों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद सरकार को इस समस्या का समाधान करने के लिए प्रपोजल भेजा गया था। सरकार ने इसे मंजूरी दे दी और अब इस प्रोजेक्ट की शुरुआत की जा रही है।
उन्होंने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अगले 15 दिन में काम शुरू हो जाएगा। पाइपलाइन बिछाने के दौरान जो भी सड़कें तोड़ी जाएंगी, उन्हें ठीक कर और बनाकर छोड़ दिया जाएगा ताकि लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो।
यह परियोजना क्षेत्र में जल आपूर्ति को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएगी और जलालाबाद के निवासियों को स्वच्छ पानी मिल सकेगा, जो स्वास्थ्य के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।