AAP विधायक राजिंद्रपाल कौर छीना सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल, लुधियाना में चल रहा इलाज

AAP विधायक राजिंद्रपाल कौर छीना सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल, लुधियाना में चल रहा इलाज

हादसे के बाद हाईवे के बीचोंबीच खड़ी विधायक की इनोवा गाड़ी।

लुधियाना/कैथल: आम आदमी पार्टी (AAP) की लुधियाना साउथ से विधायक राजिंद्रपाल कौर छीना एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा उस समय हुआ जब वह दिल्ली से लौट रही थीं। जानकारी के मुताबिक, खनौरी बॉर्डर के पास उनकी इनोवा कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में विधायक के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उनका गनमैन भी घायल हो गया है।

बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना उस समय हुई जब उनकी कार के सामने अचानक कोई चीज आ गई, जिससे ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

विधायक छीना को हादसे के तुरंत बाद हरियाणा के कैथल स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लुधियाना रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज लुधियाना के एक निजी अस्पताल में जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

राजिंद्रपाल कौर छीना हाल ही में अमेरिका से लौटी थीं, जहां वह एक कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेने गई थीं। मंगलवार देर रात वह दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड हुईं, जहां से उनके पति, बेटा, गनमैन और ड्राइवर उन्हें लेने पहुंचे थे। सभी इनोवा कार में सवार होकर पंजाब लौट रहे थे।

हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस और एम्बुलेंस पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

AAP और उनके समर्थकों में हादसे की खबर से चिंता का माहौल है। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विधायक के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

Leave a Comment

और पढ़ें