पंजाब: मोगा में शिक्षा विभाग के अधिकारी का डांस वीडियो वायरल, तत्काल सस्पेंड

पंजाब: मोगा में शिक्षा विभाग के अधिकारी का डांस वीडियो वायरल, तत्काल सस्पेंड

शिक्षामंत्री अधिकारी का यह वीडियो वायरल हो रहा था। - Dainik Bhaskar

मोगा/चंडीगढ़: पंजाब के मोगा जिले के बाघा पुराना से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग के ब्लॉक प्राइमरी एजुकेशन ऑफिसर (BPEO) देवी प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के निर्देश पर की गई है।

वीडियो में पत्नी संग दफ्तर में डांस

करीब 1 मिनट 3 सेकंड के इस वायरल वीडियो में देवी प्रसाद अपने सरकारी दफ्तर में पत्नी के साथ गाने “तुम रूठी रहो और मैं मनाता रहूं” पर डांस करते नजर आ रहे हैं। वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। लोगों ने सवाल उठाए कि यदि शिक्षा विभाग के अधिकारी ही इस तरह का व्यवहार करेंगे, तो आम शिक्षकों और छात्रों से अनुशासन की उम्मीद कैसे की जा सकती है।

शिक्षा मंत्री ने जताई सख्ती

शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बयान जारी कर कहा कि:

“शिक्षा प्रणाली में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या अनैतिक व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार शिक्षा क्षेत्र में उच्च नैतिक मूल्यों और अनुशासन को सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”

विभागीय कार्रवाई

मामला सामने आते ही शिक्षा विभाग की सचिव अनिंदिता मित्रा ने देवी प्रसाद के निलंबन के आदेश जारी किए। हालांकि, जिला स्तर के अधिकारी दिनभर चुप्पी साधे रहे, लेकिन देर शाम तक सरकार की ओर से कार्रवाई की पुष्टि हो गई।

आरोपी अधिकारी की सफाई

देवी प्रसाद, जो मूल रूप से फिरोजपुर के निवासी हैं, ने सफाई देते हुए कहा:

“यह मेरी शादी की सालगिरह थी, मेरी पत्नी मेरे पास आई थी। मैंने ड्यूटी के बाद दफ्तर में निजी तौर पर सेलिब्रेशन किया। किसी ने मेरी निजी वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल किया है, जो गलत है। मैं इसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराऊंगा।”

Leave a Comment

और पढ़ें