पंजाब में भारी बारिश का कहर, कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात, रेड और फ्लैश अलर्ट जारी
चंडीगढ़, 14 अगस्त 2025 — पंजाब में मॉनसून का कहर जारी है। सुबह से ही कई जिलों में तेज बारिश हो रही है और मौसम विज्ञान केंद्र ने कई क्षेत्रों में रेड अलर्ट जारी कर दिया है। राज्य में 16 अगस्त तक भारी बारिश की आशंका जताई गई है, जबकि हिमाचल प्रदेश में हो रही लगातार बारिश के चलते पंजाब में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।
इन जिलों में रेड और फ्लैश अलर्ट
मौसम विभाग ने कपूरथला, तरनतारन, जालंधर, होशियारपुर, अमृतसर और गुरदासपुर में भारी बारिश के साथ-साथ आसमानी बिजली गिरने और तेज हवाओं (30-40 किमी/घंटा) की चेतावनी दी है। इन क्षेत्रों के लिए फ्लैश अलर्ट जारी किया गया है, जो आज दोपहर 12:30 बजे तक प्रभावी रहेगा।
नदी-नालों में उफान, बाढ़ का खतरा
पौंग डैम से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण ब्यास दरिया खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है, जबकि सतलुज नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। इससे गुरदासपुर, कपूरथला, होशियारपुर, अमृतसर और फिरोजपुर जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
सुल्तानपुर लोधी और होशियारपुर के कई गांव पानी में डूब चुके हैं। स्थानीय प्रशासन ने निचले इलाकों में अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
14-15 अगस्त के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 14 और 15 अगस्त को भी राज्य भर में भारी बारिश की संभावना जताई है और इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने कहा है कि आने वाले दो दिन बेहद संवेदनशील हो सकते हैं।
प्रशासन की तैयारी और अपील
प्रशासन ने एनडीआरएफ और जिला आपदा प्रबंधन टीमें तैयार रखी हैं और प्रभावित क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्यों की निगरानी की जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि वह नदियों, नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूरी बनाए रखें और मौसम विभाग के अपडेट्स पर ध्यान दें।
राज्य सरकार और प्रशासनिक एजेंसियां हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और आवश्यकता पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाएगा।