AAP विधायक राजिंद्रपाल कौर छीना सड़क हादसे में घायल, CM मान ने फोन पर जाना हाल

AAP विधायक राजिंद्रपाल कौर छीना सड़क हादसे में घायल, CM मान ने फोन पर जाना हाल

कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां विधायक राजिंद्रपाल छीना का हाल जानने उनके घर पहुंचे।

लुधियाना, 14 अगस्त 2025 — आम आदमी पार्टी की लुधियाना साउथ विधानसभा सीट से विधायक राजिंद्रपाल कौर छीना हाल ही में एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गईं। अब हादसे के बाद उनकी पहली तस्वीर सामने आई है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि उनके होंठों पर टांके लगे हैं। फिलहाल वह घर पर आराम कर रही हैं और चिकित्सकीय निगरानी में हैं।

हादसा खनौरी बॉर्डर के पास हुआ

जानकारी के अनुसार, दिल्ली से लौटते समय छीना की इनोवा कार खनौरी बॉर्डर के पास डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में विधायक के साथ उनका गनमैन भी घायल हो गया। विधायक के होंठ पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि गनमैन के चेहरे और सिर पर भी चोटें लगीं, हालांकि वह खतरे से बाहर है।

CM भगवंत मान और AAP लीडरशिप ने जताई चिंता

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खुद फोन पर विधायक छीना का हाल जाना और घटना की पूरी जानकारी ली। वहीं, AAP की सीनियर लीडरशिप लगातार उनके संपर्क में है। देर रात कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडिया भी छीना से मिलने उनके घर पहुंचे। आज प्रदेश संगठन के कई नेता भी उनसे मिलने पहुंचेंगे।

बोलने में असमर्थ, डॉक्टरों की निगरानी में

फिलहाल छीना बोलने में असमर्थ हैं, लेकिन डॉक्टरों के अनुसार जैसे-जैसे सूजन कम होगी, वह धीरे-धीरे बोलने लगेंगी। हादसे के तुरंत बाद घायलों को पहले कैथल के अस्पताल ले जाया गया, फिर वहां से उन्हें लुधियाना रेफर किया गया।

2022 में बनीं थीं पहली बार विधायक

राजिंद्रपाल कौर छीना ने 2022 पंजाब विधानसभा चुनाव में पहली बार जीत हासिल की थी और आम आदमी पार्टी से विधायक बनी थीं। अपने क्षेत्र में सक्रिय रहने वालीं छीना की दुर्घटना की खबर से कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चिंता का माहौल है।

पार्टी और प्रशंसक उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें