अरमान मलिक की दो शादियों का मामला गर्माया, कोर्ट ने 2 सितंबर को पेश होने के आदेश दिए

अरमान मलिक की दो शादियों का मामला गर्माया, कोर्ट ने 2 सितंबर को पेश होने के आदेश दिए

चंडीगढ़/पटियाला, 15 अगस्त: हरियाणा के चर्चित यूट्यूबर अरमान मलिक की दो शादियों को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। मामला अब पटियाला अदालत तक पहुंच चुका है, जहां एक याचिका में दावा किया गया है कि उन्होंने न केवल दो, बल्कि चार शादियां की हैं, जो हिंदू विवाह अधिनियम का उल्लंघन है। अदालत ने इस मामले में अरमान मलिक और उनकी दोनों पत्नियों को 2 सितंबर को पेश होने के आदेश दिए हैं।

 अरमान मलिक ने तोड़ी चुप्पी

मामले को लेकर बढ़ती आलोचना के बीच अरमान मलिक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो और पोस्ट शेयर कर अपनी बात रखी है। वीडियो में वे एक प्रसिद्ध वकील से इस विषय पर सवाल करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा:

“मैं हिंदू समाज से आता हूं। मैंने पहले पायल से शादी की और उसकी सहमति से कृतिका से विवाह किया। क्या कोई भी मेरे खिलाफ केस कर सकता है या सिर्फ मेरी पहली पत्नी पायल ही शिकायत दर्ज करा सकती है?”

इस पर वकील ने जवाब दिया कि हिंदू विवाह अधिनियम के अनुसार एक समय में दो शादियां करना अवैध है, भले ही पहली पत्नी की सहमति हो। हालांकि, इस कानून के तहत केवल पहली पत्नी ही द्विविवाह (बिगैमी) का केस दर्ज कर सकती है, कोई तीसरा व्यक्ति शिकायत नहीं कर सकता

 धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप

इस विवाद की शुरुआत तब हुई जब अरमान की पहली पत्नी पायल मलिक का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह काली माता के रूप में नजर आईं। वीडियो के बाद सनातन धर्म के अनुयायियों ने आरोप लगाया कि इससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। मामला पुलिस थाने तक पहुंचा।

बाद में अरमान मलिक और उनकी पत्नी ने पटियाला, मोहाली और हरिद्वार के काली माता मंदिरों में जाकर पश्चाताप किया और धार्मिक दंड भी स्वीकार किया।

 अदालत में याचिका और अगली सुनवाई

पटियाला के एक वकील ने अदालत में याचिका दायर करते हुए आरोप लगाया कि अरमान मलिक ने चार शादियां की हैं और यह हिंदू धर्म के सिद्धांतों का उल्लंघन है। अदालत ने इस पर संज्ञान लेते हुए 2 सितंबर को सुनवाई निर्धारित की है और अरमान मलिक समेत उनकी दोनों पत्नियों को न्यायालय में तलब किया है।

Leave a Comment

और पढ़ें