हिमाचल में मूसलाधार बारिश से तबाही, 353 सड़कें बंद, कई क्षेत्रों का संपर्क टूटा

हिमाचल में मूसलाधार बारिश से तबाही, 353 सड़कें बंद, कई क्षेत्रों का संपर्क टूटा

कुल्लू जिला में औट-लारजी-सैंज सड़क पर लैंडस्लाइड - Dainik Bhaskar

हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन दिनों से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। सतलुज नदी में उफान के चलते सुन्नी के ततापानी में सड़क टूट गई है, जिससे करसोग विधानसभा क्षेत्र का शिमला से संपर्क कट गया है। नाचन और सराज क्षेत्र भी बुरी तरह प्रभावित हैं।

कुल्लू जिला में सैंज-औट सड़क पर भारी भूस्खलन के बाद 15 पंचायतों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। खराब मौसम और सड़कों की खस्ताहाल स्थिति को देखते हुए कुल्लू के आनी सब-डिवीजन और मंडी सदर डिवीजन के स्कूलों में आज छुट्टी घोषित की गई है।

राज्य में चंडीगढ़-मनाली फोरलेन समेत तीन राष्ट्रीय राजमार्ग और कुल 353 सड़कें बंद हो चुकी हैं। दवाड़ा और जोगनी मोड़ पर लगातार भूस्खलन के कारण राहत और बचाव कार्य में बाधाएं आ रही हैं।

कांगड़ा और चंबा जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ सकती हैं, जिससे लोगों को कुछ राहत मिलने की संभावना है।

Leave a Comment

और पढ़ें