हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र आज से, पहले ही दिन हंगामे के आसार
हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र आज दोपहर 2 बजे से शुरू होगा। सत्र की शुरुआत से ही गरमा-गरमी तय मानी जा रही है। विपक्ष का इरादा सरकार को लॉ एंड ऑर्डर, फिरौती, हत्या और नेताओं को धमकी जैसे मुद्दों पर घेरने का है। कांग्रेस ने तो विधानसभा सचिवालय में ‘काम रोको प्रस्ताव’ भी दे दिया है।
सरकार का डैमेज कंट्रोल
सत्र से पहले ही सरकार ने विपक्ष के बड़े हथियार को कुंद करने की कोशिश की है। भिवानी के लोहारू की टीचर मनीषा केस में सरकार ने शव का अंतिम संस्कार करवा दिया। वहीं, भाजपा ने विपक्ष की ओर से पूछे जाने वाले सवालों पर सीएम नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में रणनीति तैयार कर ली है।
कांग्रेस की मुश्किलें
यह पिछले 10 महीनों में चौथा सत्र है, जिसमें कांग्रेस बिना नेता प्रतिपक्ष के उतरेगी। जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि पार्टी इस बार विधानसभा सत्र से पहले अपने विधायक दल के नेता का नाम घोषित करेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
हालांकि, सदन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ही विपक्ष के नेता की भूमिका निभाते रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी भी बजट सत्र में कह चुके हैं कि “हमारी नजर में हुड्डा ही विपक्ष के नेता हैं।” संवैधानिक पदों की नियुक्तियों को लेकर होने वाली बैठकों में भी हुड्डा कांग्रेस का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं।