लुधियाना में हैवानियत: कार ड्राइवर ने जानबूझकर कुत्ते को कुचला, CCTV में कैद हुई क्रूरता

लुधियाना | 27 अगस्त 2025 — पंजाब के लुधियाना से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अजीत नगर इलाके में एक कार ड्राइवर ने जानबूझकर एक कुत्ते को अपनी गाड़ी से कुचल दिया। घटना में कुत्ते की कमर टूट गई और वह बुरी तरह घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुत्ता गली में बैठा हुआ था, तभी एक व्यक्ति कार लेकर आया और बिना रुके सीधे कुत्ते पर गाड़ी चढ़ा दी। कुत्ता दर्द में बुरी तरह चिल्लाने लगा, लेकिन ड्राइवर ने कार रोकने के बजाय आगे-पीछे कर उसे दोबारा कुचल डाला।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। हालांकि, पूरी वारदात गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इस वीडियो के आधार पर स्थानीय निवासी रमेश बांगड़ ने थाना डिवीजन नंबर 2 में शिकायत दर्ज करवाई है।
चश्मदीद का बयान
रमेश बांगड़ ने बताया,
“यह कोई हादसा नहीं, बल्कि जानबूझकर की गई क्रूरता है। कुत्ता गली में बैठा था, किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा रहा था। फिर भी आरोपी ने उस पर कार चढ़ाई और दर्द में चिल्लाते जानवर पर कोई रहम नहीं किया।”










