हिमाचल में भारी बारिश से तबाही, चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर भूस्खलन, सैकड़ों पर्यटक फंसे
चंडीगढ़-मनाली, मंडी, चंबा, कुल्लू सहित कई क्षेत्रों में आपदा का मंजर
हिमाचल प्रदेश में बारिश ने भारी तबाही मचा रखी है। बुधवार रात से जारी बारिश के चलते कई जगहों पर चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर जगह-जगह लैंडस्लाइड हो गया है, जिससे आवागमन बाधित हो गया है। मंडी के ओट के बनाला इलाके में कुछ वाहनों के दबे होने की भी सूचना है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।
चंबा में खतरा बढ़ा
चंबा जिले के होली बाजार को चार दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश से बड़ा खतरा पैदा हो गया है। रावी नदी के तेज बहाव से बाजार के आसपास और निचले हिस्सों में भूमि कटाव हो रहा है, जिससे कई घरों को नुकसान होने का अंदेशा है।
डलहौजी के विधायक ने बताया कि अकेले उनके क्षेत्र में 50 से अधिक घर बादल फटने की घटना से प्रभावित हुए हैं। भरमौर और चंबा विधानसभा क्षेत्रों में भी भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है।
मोबाइल और संपर्क व्यवस्था ठप
कुल्लू, चंबा और लाहौल-स्पीति के ज्यादातर इलाकों में तीन दिनों से मोबाइल नेटवर्क नहीं चल रहा है। बिजली और पानी की सेवाएं भी बाधित हैं। इससे इन क्षेत्रों में फंसे लगभग 2,000 से अधिक पर्यटक और मणिमहेश यात्री अपने परिवार से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं।
सड़कें फिर बंद, स्कूल बंद
मंडी से कुल्लू तक की सड़क बुधवार को छोटी गाड़ियों के लिए थोड़ी देर के लिए खोली गई थी, लेकिन रात को फिर से लैंडस्लाइड के कारण सड़क बंद हो गई है। कुल्लू के बंजार और मनाली सब डिवीजन में स्कूल आज बंद रहेंगे। चंडीगढ़-मनाली फोरलेन सड़क शाम तक बहाल करने का प्रयास जारी है।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने ऊना, हमीरपुर, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को कांगड़ा और बिलासपुर जिलों में भी यलो अलर्ट जारी रहने का अनुमान है।