मुक्तसर में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार, 5 अवैध हथियार बरामद

मुक्तसर में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार, 5 अवैध हथियार बरामद

डीजीपी गौरव यादव द्वारा साझा की जानकारी।

श्री मुक्तसर साहिब, 2 सितंबर: पंजाब पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंग से जुड़े दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। श्री मुक्तसर साहिब पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में पांच अवैध हथियार और अतिरिक्त पांच मैगजीन बरामद की गई हैं। बरामद हथियारों में चार पिस्तौल (.32 बोर) और एक पिस्तौल (.30 बोर) शामिल हैं।

पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं और पंजाब में संगठित अपराध नेटवर्क को मजबूत करने की योजना पर काम कर रहे थे।

डीजीपी ने कहा कि फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि इन हथियारों का इस्तेमाल कहां और किस उद्देश्य के लिए किया जाना था। पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि ये आरोपी लॉरेंस गैंग के किस ‘हैंडलर’ या वरिष्ठ सदस्य के संपर्क में थे।

गौरव यादव ने बताया कि मुक्तसर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गैंग के यह सदस्य इलाके में सक्रिय हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापा मारा और दोनों आरोपियों को धर दबोचा।

डीजीपी ने संकेत दिए हैं कि पूछताछ के दौरान और भी हथियारों के खुलासे की संभावना है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है और राज्य में गैंगस्टर नेटवर्क को नेस्तनाबूद करने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।

Leave a Comment

और पढ़ें