कपूरथला में युवक ने पत्नी के धोखे से आहत होकर की आत्महत्या, 28 लाख खर्च कर भेजा था कनाडा
कपूरथला, 2 सितंबर: पंजाब के कपूरथला जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने पत्नी की बेवफाई से आहत होकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान लवजीत सिंह के रूप में हुई है, जिसने अपनी पत्नी को कनाडा भेजने के लिए लगभग 28 लाख रुपए खर्च किए थे। आत्महत्या से पहले लवजीत मानसिक रूप से बेहद परेशान चल रहा था।
पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी हरमनप्रीत कौर, सास सुरजीत कौर और ससुर बलदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
क्या है पूरा मामला?
मृतक की मां परमजीत कौर ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि उनके बेटे लवजीत सिंह का विवाह 23 जनवरी 2020 को हरमनप्रीत कौर से हुआ था। शादी का पूरा खर्च उनके परिवार ने उठाया था। कुछ समय बाद उन्होंने हरमनप्रीत को स्टडी वीज़ा पर कनाडा भेजने के लिए 28 लाख रुपए खर्च किए, जिसमें कॉलेज की फीस, रहने का खर्च और नकद राशि भी शामिल थी।
विदेश जाने के बाद हरमनप्रीत ने तब तक लवजीत से संपर्क बनाए रखा, जब तक उसे वर्क परमिट नहीं मिल गया। लेकिन वर्क परमिट मिलने के बाद उसने लवजीत से संपर्क तोड़ लिया और साफ कह दिया कि न तो वह उसे कनाडा बुलाएगी और न ही उसके साथ कोई रिश्ता रखेगी।
आत्महत्या की घटना
30 अगस्त की शाम को लवजीत सिंह ने जहरीला पदार्थ सेवन कर आत्महत्या कर ली। मां का आरोप है कि बेटे ने ससुराल वालों की धोखेबाज़ी और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर यह कदम उठाया।
पुलिस कार्रवाई
बेगोवाल थाना में तैनात जांच अधिकारी ASI अरविंदरजीत सिंह ने बताया कि मृतक की मां के बयान पर हरमनप्रीत कौर, बलदीप सिंह और सुरजीत कौर के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। आरोपियों पर आत्महत्या के लिए उकसाने समेत अन्य धाराएं लगाई गई हैं। फिलहाल अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और आगे की जांच जारी है।