शिरोमणि अकाली दल उपराष्ट्रपति चुनाव से बहिष्कार करेगा, पंजाब में बाढ़ को कारण बताया
शिरोमणि अकाली दल ने आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया है। पार्टी ने इसका कारण पंजाब में आई भीषण बाढ़ की स्थिति को बताया है। अकाली दल ने स्पष्ट किया है कि वह इस चुनाव का बहिष्कार करेगी और उसके सांसद मतदान में हिस्सा नहीं लेंगे। फिलहाल, पार्टी के पास केवल एक ही सीट है, जो बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल के पास है, जो इस बार वोट नहीं डालेंगी।
पार्टी अध्यक्ष सुखबीर बादल की पत्नी हरसिमरत कौर बादल का कहना है कि जब पूरा पंजाब बाढ़ की त्रासदी झेल रहा है, तब उनका दायित्व है कि वे प्रभावित लोगों की मदद करें और चुनावी गतिविधियों में भाग लेने की बजाय राहत कार्यों पर ध्यान दें।
केंद्र सरकार के रवैये पर आरोप
अकाली दल ने केंद्र और पंजाब सरकार दोनों पर आरोप लगाया है कि उन्होंने बाढ़ राहत और बचाव कार्यों में अपेक्षित कदम नहीं उठाए हैं। पार्टी ने कहा कि हजारों परिवार बेघर हो चुके हैं, किसानों की फसलें तबाह हो गई हैं और आम लोग बुनियादी जरूरतों से वंचित हैं। ऐसे समय में चुनाव में भाग लेने की बजाय जनता की मदद करना प्राथमिकता होनी चाहिए।
उपराष्ट्रपति चुनाव आज, दो प्रमुख उम्मीदवार
मंगलवार को संसद में उपराष्ट्रपति चुनाव होगा। एनडीए ने 68 वर्षीय सीपी राधाकृष्णन और इंडिया गठबंधन ने 79 वर्षीय बी. सुदर्शन रेड्डी को अपना उम्मीदवार बनाया है। चुनाव सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा, जिसके बाद शाम 6 बजे मतगणना शुरू होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस चुनाव में पहले वोटर हो सकते हैं। बीआरएस और बीजेडी ने चुनाव से दूरी बनाई है, जबकि अकाली दल ने पंजाब बाढ़ के कारण मतदान से इनकार किया है। वहीं, एआईएमआईएम इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार का समर्थन कर रही है और वाईएसआर कांग्रेस एनडीए प्रत्याशी का समर्थन कर रही है।
चुनाव का महत्व
इस चुनाव में विजेता उम्मीदवार जगदीप धनखड़ की जगह लेंगे, जिन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया था। आंकड़ों के अनुसार एनडीए के राधाकृष्णन की जीत लगभग पक्की मानी जा रही है, लेकिन गुप्त मतदान में क्रॉस वोटिंग की संभावना समीकरण बदल सकती है।