भारतीय महिला टीम के लिए करो या मरो का मुकाबला आज, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरा वनडे

मुल्लांपुर, 17 सितंबर — भारतीय महिला क्रिकेट टीम आज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेलेगी। मुकाबला महाराजा यादविंद्र इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, मुल्लांपुर में खेला जाएगा। सीरीज में फिलहाल ऑस्ट्रेलिया 1-0 से आगे है, और अगर वह यह मैच जीत जाती है, तो सीरीज पर कब्जा कर लेगी।
लगातार हार के दबाव में टीम इंडिया
भारतीय महिला टीम 2021 से अब तक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक भी वनडे नहीं जीत पाई है और पिछले 8 मुकाबलों में लगातार हार का सामना कर चुकी है। रविवार को खेले गए पहले मैच में भी टीम को हार झेलनी पड़ी थी, जिससे आज के मुकाबले में टीम पर बेहद दबाव है।
दीप्ती शर्मा ने टीम का किया बचाव
टीम की अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ती शर्मा ने मुकाबले से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि,
“हमारी टीम में सभी खिलाड़ी बेहतरीन फील्डर हैं। कभी-कभी दिन खराब हो सकता है। रविवार को जो कैच छूटे, वे सामान्य तौर पर शानदार कैच पकड़ती हैं। इसके अलावा हमने कई मुश्किल कैच भी पकड़े।”
दीप्ती ने यह भी बताया कि पहले वनडे में चार स्पिनर्स के साथ उतरने का फैसला टीम मीटिंग का हिस्सा था। उन्होंने कहा,
“गेंदबाजों ने विकेट लेने की पूरी कोशिश की, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की। हमें यकीन है कि बुधवार को हमारे बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे।”










