लुधियाना में एनआरआई महिला की हत्या का खुलासा — शादी के बहाने रची गई थी साजिश, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड इंग्लैंड में
लुधियाना, 17 सितंबर — पंजाब के लुधियाना जिले के किला रायपुर गांव के नजदीक 71 वर्षीय अमेरिकी नागरिक और भारतीय मूल की महिला रूपिंदर कौर पंधेर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह घटना जुलाई के अंत में हुई थी, लेकिन अब जाकर इसका खुलासा हुआ है। पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी सुखजीत सिंह उर्फ सोनू को हिरासत में ले लिया है।
शादी के नाम पर रची गई थी साजिश
जांच में सामने आया है कि यह हत्या शादी के नाम पर रची गई साजिश का नतीजा थी। मुख्य आरोपी सोनू, जो किला रायपुर के माल्हा पट्टी इलाके का रहने वाला है, ने पुलिस के सामने गुनाह कबूल कर लिया है। सोनू ने बताया कि उसने रूपिंदर कौर की गला घोंटकर हत्या की थी।
पुलिस के अनुसार, महिला तलाकशुदा थी और कई वर्षों से अमेरिका में रह रही थी। वह हाल ही में भारत आई थी और लंबे समय से चरनजीत नामक व्यक्ति के संपर्क में थी, जो इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है और इस समय इंग्लैंड में मौजूद है।
कंकाल के अवशेषों की हो रही तलाश
एसीपी हरजिंदर सिंह गिल ने मीडिया को जानकारी दी कि पुलिस फिलहाल सबूत जुटाने में लगी हुई है। आरोपी सोनू के बयान के आधार पर पुलिस महिला के कंकाल के अवशेष ढूंढने की कोशिश कर रही है, जिससे मामले की पुष्टि और कानूनी कार्रवाई की जा सके।
जल्द हो सकता है बड़ा खुलासा
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस केस में और भी लोग शामिल हो सकते हैं और इस हत्या के पीछे प्रॉपर्टी या पैसे का लालच एक प्रमुख कारण हो सकता है। पुलिस को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में केस में और खुलासे होंगे।
एनआरआई समुदाय में आक्रोश, सुरक्षा पर सवाल
इस जघन्य हत्याकांड के सामने आने के बाद एनआरआई समुदाय में रोष देखा जा रहा है। विदेशों से भारत आने वाले बुजुर्गों की सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं। एनआरआई परिवारों ने पंजाब सरकार से कड़ी कार्रवाई और इंटरपोल के माध्यम से मास्टरमाइंड चरनजीत की गिरफ्तारी की मांग की है।