एशिया कप में पाकिस्तान पर जीत के बाद योगराज सिंह का बयान – “शुभमन और अभिषेक, युवराज के बब्बर शेर हैं”

नई दिल्ली | 24 सितंबर 2025: एशिया कप में भारत की पाकिस्तान पर रोमांचक चार विकेट से जीत के बाद पूर्व क्रिकेटर और कोच योगराज सिंह का बयान सामने आया है। योगराज ने टीम इंडिया के युवा सितारों शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा की जमकर सराहना की है। उन्होंने दोनों को अपने बेटे युवराज सिंह के ‘बब्बर शेर’ बताते हुए कहा कि ये दोनों खिलाड़ी भारत की बल्लेबाजी के दो मजबूत हाथ हैं — “एक बायीं, दूसरी दांयीं बाजू।”
योगराज सिंह ने कहा,
“अगर अभिषेक और शुभमन 15 ओवर खेल लेंगे, तो भारत हर मैच जीतेगा।“
उन्होंने आगे कहा,
“मैंने पहले ही कहा था – जैसे कोच, वैसे चेले। जिस अंदाज में कभी युवराज खेलता था, अब वही आत्मविश्वास शुभमन और अभिषेक में दिख रहा है।“
युवराज का ‘पिता जैसा’ रिश्ता
योगराज सिंह ने बताया कि युवराज सिंह ने शुभमन गिल को अपने घर पर रखा, और उसे मां-बाप की तरह ट्रेनिंग दी। अभिषेक शर्मा के साथ भी युवराज का बहुत करीबी रिश्ता है।
“आपने कई वीडियो देखी होंगी – कभी युवराज गाड़ी चला रहा होता है, कभी अभिषेक उसके साथ बैठा होता है।“
योगराज ने कहा कि जब युवराज टीवी पर बैठकर इन दोनों के खेल को देखता है, तो उसकी आंखें नम हो जाती हैं।
“मैंने उससे पूछा कि पहले तो तू ऐसा नहीं करता था। तो युवराज ने कहा – ‘पापा, इनसे मुझे प्यार है। ये मेरे अपने बच्चे जैसे हैं।’“
‘खुदा से मिलने जैसा सुख’
योगराज सिंह ने भावुक होते हुए कहा,
“जब मैं ये सब देखता हूं – एक पिता अपने बेटों को, और बेटा अपने शिष्यों को इस तरह आगे बढ़ता देखता है – तो यह खुदा से मिलने जैसा सुख है।“










