AAP विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा पुलिस हिरासत से फरार, रास्ते में फायरिंग से एक पुलिसकर्मी घायल
पटियाला/करनाल, 2 सितंबर: आम आदमी पार्टी (AAP) के पंजाब के सन्नौर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा मंगलवार को पुलिस हिरासत से फरार हो गए। उन्हें हरियाणा के करनाल से पंजाब पुलिस ने हिरासत में लिया था, लेकिन पटियाला लाते समय रास्ते में सनसनीखेज घटनाक्रम में वे पुलिस पर फायरिंग कर फरार हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पठानमाजरा और उनके साथियों ने रास्ते में पुलिसकर्मियों पर फायरिंग की और गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की, जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। इसके बाद विधायक स्कॉर्पियो और फॉर्च्यूनर गाड़ियों में सवार होकर फरार हो गए।
फॉर्च्यूनर को पुलिस ने पकड़ लिया है, जिसमें से तीन पिस्टल बरामद की गई हैं। फिलहाल पुलिस स्कॉर्पियो में फरार विधायक का पीछा कर रही है और तलाशी अभियान जारी है।
हिरासत में लिए जाने से पहले हरमीत सिंह पठानमाजरा ने एक वीडियो संदेश जारी कर दावा किया था कि उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 376 (बलात्कार) के तहत दर्ज किया गया मामला राजनीति से प्रेरित है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में दिल्ली की AAP टीम हावी होने की कोशिश कर रही है और उनकी आवाज को दबाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि पठानमाजरा पर 2022 में उनकी दूसरी पत्नी ने पहली शादी छिपाने और मारपीट का आरोप लगाया था। इसके अलावा, एक कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद भी वे विवादों में घिरे थे।
पंजाब पुलिस ने विधायक की गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान अब तक जारी नहीं किया है, लेकिन मामला गंभीर होता देख सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।