CM सुखविंदर सुक्खू आज दिल्ली में करेंगे केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात, बादल फटने से हुए नुकसान पर मांगा जाएगा विशेष राहत पैकेज
शिमला/नई दिल्ली – हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज मंगलवार को दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में हाल ही में हुई भारी बारिश, बादल फटने और फ्लैश फ्लड के कारण हुए जान-माल के भारी नुकसान के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता हासिल करना है। मुख्यमंत्री की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात संभावित है। सोमवार को समय न मिलने के कारण यह बैठक नहीं हो सकी थी।
मुख्यमंत्री सुक्खू केंद्रीय गृह मंत्री को मंडी सहित प्रदेश के अन्य जिलों में हुई व्यापक तबाही की विस्तृत जानकारी देंगे। वह केंद्र से स्पेशल रिलीफ पैकेज की मांग करेंगे, ताकि आपदा से प्रभावित लोगों की जल्द सहायता की जा सके।
अब तक 105 मौतें, 34 लोग अब भी लापता
प्रदेश सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, 787 करोड़ रुपये की निजी और सरकारी संपत्ति बर्बाद हो चुकी है। 900 से अधिक घरों को नुकसान हुआ है, और 105 लोगों की मौत हो चुकी है। 34 लोग अब भी लापता हैं, जिनमें से 27 केवल मंडी जिले से हैं। कांगड़ा और कुल्लू में 2-2, शिमला, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 1-1 व्यक्ति लापता हैं।
सराज विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक तबाही
मंडी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक तबाही दर्ज की गई है। कई गांवों का अस्तित्व ही समाप्त हो गया है। थुनाग और बगश्याड़ जैसे गांवों को दूसरी जगह बसाने की जरूरत महसूस की जा रही है। क्षेत्र में सड़कों का नामोनिशान तक मिट गया है और सैकड़ों प्रभावित परिवार सरकार की सहायता का इंतजार कर रहे हैं।
2023 की आपदा राहत राशि पर भी होगी बात
मुख्यमंत्री 2023 में आई आपदा की राहत राशि जारी करने का मुद्दा भी केंद्र के समक्ष उठाएंगे। हालांकि केंद्र सरकार ने हाल ही में 2006 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है, लेकिन अब तक राज्य को इसकी पहली किस्त भी नहीं मिली है।
केंद्र से बड़ी उम्मीदें
प्रदेश में लगातार प्राकृतिक आपदाएं भारी तबाही मचा रही हैं और राज्य सरकार की माली हालत सीमित है। ऐसे में हिमाचल सरकार को केंद्र से विशेष आर्थिक सहायता की उम्मीद है। मुख्यमंत्री की आज की बैठकें इस दिशा में अहम मानी जा रही हैं।