जबलपुर. मध्य प्रदेश के जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट को नए स्वरूप में बनाने के लिए करीब 450 करोड़ रुपये खर्च किए गए, लेकिन जरा सी बारिश ने इसके निर्माण में हुए भ्रष्टाचार की पोल खोल दी है. दरअसल गुरुवार सुबह हुई बारिश के दौरान एयरपोर्ट के ड्रॉप एंड गो जोन के ऊपर लगा शेड गिर गया. हादसे में नीचे खड़े शासकीय गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. गनीमत यह रही कि कार में उस वक्त कोई नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हो पाई. इस घटना के बाद एयरपोर्ट में हुए करोड़ों रुपये के निर्माण को कटघरे में खड़ा कर दिया है और अब शहर भर में चर्चाओं का बाजार गर्म है.
जानकारी के मुताबिक जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर एक कार पैसेंजर को छोड़ने के लिए पहुंची थी. वेटिंग लाउंज के बाहर ड्रॉप एंड गो जोन में खड़ी कार पर अचानक से लोहे के शेड का हिस्सा गिर गया, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गया. इस हादसे के फौरन बाद एयरपोर्ट में हड़कंप मच गया.
एयरपोर्ट बनाने में खर्च हुए 450 करोड़
दरअसल, टर्मिनल बिल्डिंग के पोर्च में केनोपी टेंट लगाया गया था ताकि बारिश का पानी टर्मिनल बिल्डिंग के अंदर ना आ सके. लेकिन बारिश का पानी कैनोपी टेंट से बाहर नहीं निकल पाया और टेंट के ऊपर पानी का भार बढ़ता गया. इसकी वजह से लोहे के टेंट का एक हिस्सा कार पर गिर गया. सूत्रों के मुताबिक इस हादसे के बाद जबलपुर डुमना एयरपोर्ट के डायरेक्टर ने हादसे को लेकर जांच के निर्देश दिए हैं कि आखिरकार कहां टेक्निकल फॉल्ट आया, जिसकी वजह से लोहे का एक बड़ा हिस्सा गिर गया.
इस घटना पर प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह का कहना है कि एयरपोर्ट पर जो हादसा हुआ है उसकी जानकारी ली जाएगी. ऐसे हादसे दोबारा न हो इसके दिशा निर्देश भी दिए जाएंगे. आपको बता दें कि करीब 3 सालों में जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट का विस्तारीकरण का कार्य किया गया है. भविष्य को ध्यान में रखते हुए तकरीबन 450 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जिसमें एयरपोर्ट टर्मिनल बिल्डिंग, एटीसी टावर, रनवे का विस्तार, पार्किंग, अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस वेटिंग लाउंज सहित हवाई यात्रियों की सुविधा के लिए तमाम इंतेजाम किए गए हैं. एयरपोर्ट की सुरक्षा भी सीआईएसएफ जवानों के सुपुर्द की गई है. 10 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअली जबलपुर डुमना एयरपोर्ट का शिलान्यास और उद्घाटन किया था, लेकिन उद्घाटन के चंद महीनों में ही एयरपोर्ट से ऐसी तस्वीरें आना कई सवाल खड़े करता है.
Tags: Jabalpur news, Madhya pradesh news, Mp news, Viral video
FIRST PUBLISHED : June 27, 2024, 17:40 IST










