Good news for VKSU students Graduate admission portal opened know what is the process – News18 हिंदी

रिपोर्ट-गौरव सिंह
भोजपुर. बिहार के आरा में वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय में एडमिशन शुरू हो गए हैं. इस विवि से संबंद्ध और अंगीभूत सभी कॉलेजों में सत्र 2024-28 के लिए चार साल के ग्रेजुएशन सेमेस्टर वन में दाखिले किए जा रहे हैं. विवि ने आवेदन के लिए पोर्टल खोल दिया है. पहले दिन एक हजार से अधिक विद्यार्थियों ने विभिन्न कॉलेजों में एडमिशन के लिए आवेदन किया. इसमें 600 विद्यार्थियों ने शुल्क भी जमा कर दिया है, जबकि शेष ने अभी रजिस्ट्रेशन ही किया है.

बिहार बोर्ड सहित अन्य बोर्ड से पास सभी विद्यार्थी 12 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के दौरान विद्यार्थी अपनी पसंद के तौर पर पांच कॉलेजों के नाम लिख सकते हैं. छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रो.रणविजय कुमार ने बताया स्नातक सेमेस्टर वन में एडमिशन के लिए फिलहाल 19 अंगीभूत और 32 संबद्ध कॉलेजों का नाम पोर्टल पर अपलोड किया गया है. इन्हीं कॉलेजों में नामांकन के लिए विद्यार्थी आवेदन करेंगे. जिन कॉलेजों की संबद्धता पिछले साल खत्म हो चुकी है उनके नाम पोर्टल पर नहीं हैं.

ध्यान से भरें फॉर्म
छात्रों को साफ साफ निर्देश हैं कि वो ठीक से ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरें. ज़रा सी भी गलती होने पर समस्या आ सकती है. साथ ही विद्यार्थी अपने नजदीक के कॉलेजों का चयन करें, ताकि मेरिट में उन्हें उनके द्वारा चुने हुए विकल्प के अनुसार कॉलेज दिया जा सके. अगर दूरदराज के कॉलेज का चयन करते हैं और मेरिट में नाम आता है, तो उन्हें वहां एडमिशन कराना पड़ेगा.

कॉलेजों का कट ऑफ हाई रहेगा
स्नातक सेमेस्टर वन के एडमिशन में कॉलेजों की संख्या इस बार कम रहने से मेरिट में कट ऑफ अधिक जाने की उम्मीद बढ़ गयी है. विज्ञान, कला के विषयों के कट ऑफ ऊपर जा सकती है. पिछले साल 19 अंगीभूत और 69 संबद्ध कॉलेजों की 1 लाख 6 हजार सीट पर एडमिशन किए गए थे. नामांकन से जुड़े अधिकारियों का कहना है कॉलेजों के संबंधन, सीट आदि की अभी जांच हो रही है. कुछ और कॉलेजों का पोर्टल पर नाम चढ़ेगा.

पांच विषय का विकल्प
विद्यार्थी मेजर विषय (प्रतिष्ठा) में पांच विषय का चुनाव कर सकते हैं. हर विषय के लिए ऑनलाइन आवेदन में तीन सौ रुपये शुल्क देना होगा. छात्र कल्याण अध्यक्ष ने बताया मेजर विषय चुनने की आजादी विद्यार्थियों को रहेगी. इंटर में उस विषय में प्राप्त अंक के आधार पर मेरिट लिस्ट जारी होगी. घोषित मेरिट में विद्यार्थियों को किसी एक मेजर विषय में ही दाखिला लेना होगा. प्रथम मेरिट में जिसका नाम जहां आयेगा, वहां दाखिला लेना अनिवार्य रहेगा. मेजर के अलावा माइनर, वीएसी, एसईसी, एईसी, एमडीसी विषय का चयन विद्यार्थी एडमिशन के बाद करेंगे.

सीबीसीएस पैटर्न के तहत नामांकन
वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय में दूसरी दफा स्नातक में चार वर्षीय पाठ्यक्रम चॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम (सीबीसीएस) के तहत एडमिशन लिया रहा है. मेरिट का प्रकाशन मई के तीसरे सप्ताह में किया जायेगा. 30 जून तक नामांकन की प्रक्रिया पूरी करते हुए जुलाई से कक्षाएं शुरू होंगी. करीब तीन चरणों में मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी. इसके बाद बची सीटों पर नामांकन के लिए स्पॉट राउंड प्रक्रिया अपनाई जाएगी. एडमिशन से जुड़ी तमाम जानकारी विवि के पोर्टल पर उपलब्ध है.

Tags: Bhojpur news, Bihar education, Career Guidance, Local18

Source link

Leave a Comment

और पढ़ें