कुरुक्षेत्र. हरियाणा के कुरुक्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार और उद्योगपति नवीन जिंदल ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़18 से बातचीत की. नवीन ने कहा कि मुझे हर वर्ग का प्यार मिल रहा है. आज आम आदमी पार्टी और कांग्रेस एक साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं, जो कि एक दूसरे को गाली देते थे और जिनका आपस में कुत्ता बिल्ली का बैर था. लेकिन लोगों ने इन्हें नकार दिया है और इनको किसी का भी आशीर्वाद नहीं मिल रहा है.
नवीन जिंदल ने कहा कि अभय चौटाला इनेलो से चुनाव लड़ रहे है और हमारे बड़े भाई है और मजबूत उम्मीदवार भी है. जिंदल ने कहा जब मैंने भाजपा ज्वाइन की तो 90 से 95% लोगों ने कहा कि आपने बहुत अच्छा काम किया है. 5% ऐसे लोग भी थे जो कांग्रेस में रह गए और कहा कि आपने गलत फैसला लिया और वो मेरे लिए रोए भी. लेकिन मेरे लिए व्यक्ति और पार्टी से बड़ा देश है और देश हित में ही मैंने यह फैसला लिया है. मैं भाजपा में इसलिए आया हूं कि नरेंद्र मोदी भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की ओर अग्रसर है और उसमें मैं पीछे नहीं रहना चाहता. मैं भी अपना योगदान देना चाहता हूं.
नवीन ने कहा कि मैं पिछले 5 साल राजनीति से दूर रहा, लेकिन अब दोबारा आया हूं तो मुझे काफी अच्छा लग रहा है. लोगों से मिलना उनकी तकलीफों को समझना और दूर करना मुझे रास आ रहा है. मुझे मेरे पिताजी ने सिखाया है कि परमात्मा ने बहुत कुछ दिया है, लेकिन लोगों की सेवा के लिए हमें भी बहुत कुछ करना है और इस संस्कार को लेकर मैं राजनीति में आया हूं. कुरुक्षेत्र के सभी 9 हलके विकसित बनें, मेरी यह इच्छा है. कोयला घोटाला में जो आरोप मुझ पर लगाए जा रहे है वो बिलकुल अनर्गल बातें हैं. जो लोग इसकी बात करते है, उन्हें घोटाले के बारे में कुछ भी नहीं पता. केवल सुनी सुनाई बातें आगे करते हैं.
नवीन जिंदल ने विपक्ष के नेताओं को जवाब देते हुए कहा कि हमें अपने ऊपर बहुत गर्व है कि हमने पिछले 20 सालों में सरकार को 60000 करोड रुपये टैक्स दिया है और डेढ़ लाख करोड़ से ज्यादा का निवेश किया है. 2 लाख से ज्यादा परिवारों को रोजगार दिया है. उन्होंने कहा कि न्यायपालिका पर हमें पूरा भरोसा है और कोर्ट में मामला चल रहा है. 10 साल इन बातों का हो चुके हैं.
जिंदल ने कहा की राजनीति में लोगों का हमारे से प्यार है, इसीलिए लोग हमसे गले मिलते हैं और जब लोग चुनाव लड़ते हैं तो एक दूसरे पर कीचड उछालते हैं और राजनीति के माध्यम से लोग पैसा कमाने के लिए आते हैं. कुछ लोगों को लगता है कि अगर नवीन जिंदल दोबारा राजनीति में आएगा तो उनकी दुकान बंद हो जाएगी. क्योंकि मैं समृद्ध भी हूं और नौजवान भी हूं और राजनेताओं को लगता है कि ‘ यह घणे दिन तक सेधेगा’. मैंने देश में बहुत काम किया है और लोकसभा क्षेत्र के लिए भी काम किया है. बीजेपी ने मेरे साथ कोई जबरदस्ती नहीं की है. जिंदल ने कहा कि खेती मैंने करवाई है. खुद नहीं की और दुकानों पर तो खूब में बैठा हूं. आढ़तियों के साथ बैठा हूं. किसानों का कोई विरोध नहीं है. किसान हमारे अन्नदाता है और वे भी भारतीय जनता पार्टी के साथ है.

नवीन जिंदल ने अपने एक वायरल वीडियो के बारे में स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि मंडी में बोरी उठाने के लिए मुझे किसी ने नहीं कहा. मुझे बचपन से ही पंगे लेने की आदत है. मैंने बोरी उठाई तो विपक्षी दलों के नेताओं को तकलीफ हुई. मुझे एहसास हुआ कि उस बोरी को उठाते हुए कितना मुश्किल काम मजदूर भाई हमारे करते हैं. बोरी उठाते हुए मैं पहले दाएं साइड गिरा. फिर बाएं साइड गिरा और फिर जाकर के बोरी उठा पाया. हरियाणा की जनता बहुत समझदार है इस बार भी 10 की 10 सीट बीजेपी को मिलेगी.
Tags: Haryana News Today, Loksabha Election 2024, Loksabha Elections
FIRST PUBLISHED : May 3, 2024, 12:22 IST










