
नई दिल्ली/लखनऊ:
उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट से इस बार भी दिवंगत मुलायम सिंह यादव की बहू और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव मैदान में हैं. मैनपुरी सीट वैसे से समाजवादी पार्टी की परंपरागत सीट मानी जाती है, यहां से हर बार यादव परिवार से ही कोई न कोई जीतता रहा है. इस बार बीजेपी ने यहां से जयवीर सिंह को उम्मीदवार बनाया है. डिंपल यादव ने बुधवार को NDTV के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत की. इंटरव्यू के दौरान उन्होंने मोदी सरकार, बीजेपी की नीतियों, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ समेत यूपी के तमाम मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी. इस दौरान डिंपल यादन ने एक लफ्ज़ में समझाया कि अखिलेश यादव, योगी आदित्यनाथ और राहुल गांधी की पर्सनैलिटी कैसी है.
यह भी पढ़ें
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की पर्सनैलिटी को एक लफ्ज में कैसे परिभाषित करें? इसके जवाब में डिंपल यादव ने कहा, “मैं उनके बारे में कुछ नहीं कहना चाहती. क्योंकि मैं उनके बारे में सोचती ही नहीं हूं.” अपने पति अखिलेश यादव को डिंपल ने फाइटर के तौर पर परिभाषित किया है. जबकि राहुल गांधी को वो एक शब्द में विनम्र बताती हैं.
जया बच्चन अडोरेबल, ससुर शिवपाल यादव मेहनती
अपनी बेटी अदिति यादव की पर्सनैलिटी बताते हुए डिंपल यादव ने कहा कि वो बहुत इंटेलिजेंट है. चाचा ससुर शिवपाल सिंह यादव को डिंपल ने हार्ड वर्किंग (कड़ी मेहनत करने वाला) बताया है. AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी को डिंपल ने अच्छा वक्ता बताया है. जबकि अपनी अच्छी दोस्त जया बच्चन को डिंपल ने अडोरेबल (प्यारा) बताया. संसद में डिंपल जया बच्चन के साथ अच्छा बॉन्ड शेयर करती हैं. कई मौकों पर उन्हें जया बच्चन के पैर छूते भी देखा गया है.
अच्छी राजनेता हैं प्रियंका गांधी वाड्रा
डिंपल यादव ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को अच्छा राजनेता कहा है. गृहमंत्री अमित शाह को वो गुड पोलराइजिंग पर्सन यानी ध्रुवीकरण करने वाले अच्छे नेता के तौर पर परिभाषित करती हैं.
यूपी में जनता बीजेपी को हटाने को तैयार
लोकसभा चुनाव को लेकर यूपी के वोटरों के मिजाज को लेकर पूछे गए सवाल पर डिंपल यादव ने कहा, “इस बार जनता BJP को हटाने को तैयार है. लोगों का साथ और भरपूर समर्थन मिल रहा है.” उन्होंने कहा, ” 10 साल में लोगों के जीवन में कोई बदलाव नहीं आया है. बीजेपी सरकार ने अपना कोई वादा पूरा नहीं किया. मौजूदा सरकार में जनता प्रताड़ित महसूस कर रही है. इसलिए जनता ने बीजेपी को हटाने का मन बना लिया है.”
परिवारवाद के मुद्दे पर BJP करे अपना आकलन
बीजेपी ने सपा पर परिवारवाद के आरोप लगाए जाते हैं, जिस पर डिंपल ने कहा, ”देश में लोकतंत्र है, यहां कोई भी चुनाव लड़ सकता है. परिवारवाद के मुद्दे पर BJP अपना आकलन करे. बीजेपी का गठजोड़ परिवारवादी पार्टियों के साथ है. इसलिए परिवारवाद पर बीजेपी पहले अपने गिरेबान में झांके.”










