रमाकांत दुबे, भोपाल. मध्य प्रदेश में होने वाले उपचुनाव की चौसर सज गई है. पहला दांव अमरवाड़ा पर है, उसके बाद बुधनी, बीना और विजयपुर का नंबर है. अमरवाड़ा विधानसभा सीट पर मजबूत कैंडिडेट उतारकर बीजेपी पर बढ़त बनाती दिख रही कांग्रेस ने आगे का गेम प्लान भी तैयार कर लिया है. फिलहाल भले ही 2 सीटों अमरवाड़ा और बुधनी सीट पर उपचुनाव होना, लेकिन कांग्रेस बीना और विजयपुर में भी संभावित उपचुनाव को लेकर उम्मीद लगाए बैठी है. कांग्रेस ने बुधनी के अलावा संभावित सीटों पर भी ऑब्जर्वर नियुक्त कर दिए हैं. ये ऑब्जर्वर न सिर्फ जीतने वाले प्रत्याशी का चयन करेंगे, बल्कि संगठन को भी मजबूत करेंगे. कांग्रेस का दावा है कि वह अमरवाड़ा का उपचुनाव जीतेगी.
गौरतलब है कि, विधानसभा की 2 सीटों विजयपुर और बीना में उपचुनाव की संभावना है. श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत और सागर जिले की बीना सीट से कांग्रेस की निर्मला सप्रे भाजपा में शामिल होने के बाद विधायकी से इस्तीफा दे सकते हैं. ऐसे में श्योपुर और बीना में भी उपचुनाव की स्थिति बनी हुई है. इन्हीं संभावनाओं को देखते हुए कांग्रेस ने विजयपुर के लिए 6 सदस्यीय समिति बनाई है. इसमें पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, राज्यसभा सदस्य अशोक सिंह, पूर्व मंत्री लाखन सिंह , विधायक फूल सिंह बरैया, दिनेश गुर्जर और सत्यपाल सिंह सिकरवार को शामिल किया गया है. बीना के लिए पूर्व विधायक कुणाल चौधरी, यादवेन्द्र सिंह यादव और लखन सिंह को जिम्मेदारी दी गई है.यहां भी कांग्रेस की तैयारी पूरी है.
कांग्रेस की उम्मीद कभी पूरी नहीं होगी- बीजेपी
बीजेपी विपक्ष की इस कवायद को बेकार और बेवजह बताते हुए कहती है कि कांग्रेस से प्रदेश की जनता का विश्वास उठ चुका है. पार्टी के भीतर पीसीसी अध्यक्ष को लेकर ही सवाल उठ रहे हैं. जीतू पटवारी और कमलनाथ कितने साथ हैं ये सब जानते हैं. लोकसभा, विधानसभा चुनाव में करारी हार झेल चुकी कांग्रेस उपचुनाव में सिर्फ उम्मीद ही रख सकती है. यह उम्मीद कभी पूरी नहीं होगी.
छिंदवाड़ा लोकसभा चुनाव में जीत पर बीजेपी उत्साहित
उपचुनाव की इस बयार में कांग्रेस अमरवाड़ा में कैंडिडेट चयन और कमलनाथ के एक्टिव होने से बीजेपी पर भारी दिखाई दे रही है. कांग्रेस का भी मानना है कि कई सारे फैक्टर्स मिलकर उसे फायदा पहुंचा सकते हैं. लेकिन, बीजेपी ने यहां न सिर्फ स्टार प्रचारकों की बड़ी फौज उतारी है, बल्कि वह छिंदवाड़ा लोकसभा चुनाव मिली जीत पर बेहद उत्साहित भी है.
Tags: Bhopal news, MP Bye-Election, Mp news
FIRST PUBLISHED : June 27, 2024, 15:45 IST










