MP-Chhattisgarh News LIVE Updates: मध्य प्रदेश के शिवपुरी में बारिश शुरू होते ही मगरमच्छों का निकलना शुरू हो गया है. मानसून में ये आए दिन सड़कों पर निकल पड़ते हैं. शिवपूरी के नदी नालों में मगरमच्छ बहुतायत में हैं. हाल ही में एक मगर मुक्तिधाम रोड पर सड़क पर घूमते हुए दिखाई दिया. दूसरी ओर, ग्वालियर में खनिज विभाग की टीम पर हमला करने वाला गिरफ्तार हो गया है. बताया जाता है कि मुरार पुलिस ने हमलावर कान्हा यादव को पकड़ लिया है. उसने बड़ागांव इलाके में खनिज विभाग की टीम पर हमला किया था.
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज बैक-टू-बैक बैठकें करेंगे. वे किसान कल्याण और कृषि विकास विभाग की बैठक लेंगे. इसमें वे पीएम फसल बीमा सहित किसानों से जुड़ी योजनाओं की रिपोर्ट देखेंगे. इसके अलावा बजट सत्र की तैयारियों की भी समीक्षा करेंगे. संसदीय कार्य और सामान्य प्रशासन विभाग की बैठक बैठक लेंगे. वे आज 2023 के 9 ट्रेनी आईएएस अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे.
मध्य प्रदेश सरकार दो कुख्यात नक्सलियों को मार गिराने वाले हॉकफोर्स और जिला पुलिस बल के 28 जवानों को आउट ऑफ प्रमोशन देगी. नक्सलियों का एनकाउंटर 1 अप्रैल को हुआ था. उस वक्त जवानों ने दोनों को मार गिराया था. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 29 जून को बालाघाट का दौरा करेंगे. वे सुबह 11.40 बजे पुलिस लाइन स्थित हेलीपेड पहुंचेंगे. यहां से शहीद स्मारक में जवानों को श्रद्वाजंलि अर्पित करेंगे. उसके बाद पुलिस लाइन स्थित कार्यक्रम में शामिल होंगे.
छत्तीसगढ़ सरकार ने चारधाम जाने वाले यात्रियों से अपील की है. सरकार ने उत्तराखंड में चार धाम की यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को उत्तराखंड सरकार द्वारा बनाए गए ई-स्वास्थ्य धाम एप को मोबाइल में अपलोड करने का आग्रह किया है. इस एप से यात्रियों को महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संबंधी जानकारी मिल सकेगी.










