भोपाल. नीट परीक्षा के बवाल के बाद अब मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा (MPPSC) को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं. दरअसल, परीक्षा में हिंदी में जो सवाल पूछा गया. इंग्लिश में उसका अर्थ विपरीत है. प्रिलिम्स में अवरोही क्रम को इंग्लिश में असेंडिंग ऑर्डर लिखा गया, जिसके बाद अभ्यर्थी इसके विरोध में आ गए हैं.
इस पूरे मामले में आयोग का कहना है कि जल्द ही प्रोविजनल आंसर की जारी कर दी जाएगी. इसके बाद अभ्यर्थी आपत्ति कर पाएंगे. यदि यह सही पाई जाती है तो संबंधित प्रश्न के संबंध में निर्णय लिया जाएगा. प्रश्न में पूछा गया था कि निम्नलिखित पर्वत चोटियों को उनकी ऊंचाई के आधार पर अवरोही क्रम में क्रमबद्ध कीजिए. बता दें कि अवरोही का मतलब घटते क्रम में होता है, लेकिन इंग्लिश में इसी को असेंडिंग ऑर्डर में लिख दिया गया, जिसका मतलब बढ़ते क्रम में होता है. हिंदी-इंग्लिश दोनों में प्रश्न का अर्थ एकदम विपरीत है. वहीं इस संबंध में अभ्यर्थियों का कहना है कि आयोग की इस तरह की गलतियों से उन उम्मीदवारों का सबसे ज्यादा नुकसान होता है जो गंभीरता से परीक्षा की तैयारी करते हैं.
2 साल पहले भी उठे थे ऐसे ही सवाल
दो साल पहले भी पीएससी की प्रीलिम्स में छह सवालों को लेकर ऐसी ही स्थिति बन गई थी, जिसमें कई ऐसे प्रश्न थे जिनके दो विकल्प सही थे. हालांकि आपत्ति के बाद इन पर संज्ञान लिया गया था.
इस बार सबसे कम 110 पद
बता दें कि इस बार एमपीपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा में पदों के लिहाज से प्रशासन ने सबसे कम 110 पद ही निकाले हैं. वहीं परीक्षा को लेकर भी सबसे कम आवेदन आए थे. आवेदन की संख्या पहली बार दो लाख से कम 1,83,000 रही है.
Tags: Bhopal news, Latest hindi news, Local18, Mp news, MPPSC news notification
FIRST PUBLISHED : June 26, 2024, 15:18 IST










