PM मोदी दिल्ली में ₹12 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन करेंगे, दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली में ₹12 हजार करोड़ के विभिन्न प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के 13 किलोमीटर लंबे हिस्से का उद्घाटन भी शामिल है। अब यह कॉरिडोर साहिबाबाद से मेरठ साउथ तक 55 किलोमीटर तक विस्तारित हो जाएगा। वर्तमान में 42 किलोमीटर का हिस्सा पहले से चालू है।
इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से दिल्ली से मेरठ तक का सफर सिर्फ 55 मिनट में पूरा हो सकेगा, जबकि अभी यह सफर एक्सप्रेस ट्रेन से करीब डेढ़ घंटे में होता है। नमो भारत ट्रेन की गति 100 kmph है, लेकिन इसे 180 kmph तक चलने के लिए डिजाइन किया गया है। इस परियोजना की अनुमानित लागत ₹30,274 करोड़ है और यह जून 2025 तक पूरी होने की उम्मीद है। इसके चालू होने से सड़कों पर एक लाख से अधिक निजी वाहन कम होंगे और कार्बन उत्सर्जन में सालाना 2.5 लाख टन की कमी आएगी।