PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह और डॉ. अमरीन कौर बंधे शादी के बंधन में
गुरुद्वारा साहिब में आनंद कारज, चंडीगढ़ में सादा समारोह; शाम को शिमला में वधू प्रवेश
चंडीगढ़, 22 सितंबर: हिमाचल प्रदेश सरकार में लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री विक्रमादित्य सिंह आज डॉ. अमरीन कौर के साथ विवाह बंधन में बंध गए। विवाह समारोह चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित गुरुद्वारा साहिब में पारंपरिक सिख रीति-रिवाजों (आनंद कारज) के अनुसार संपन्न हुआ। समारोह सुबह 10 बजे शुरू हुआ, जिसमें दोनों परिवारों के करीबी सदस्य और चुनिंदा मित्र ही शामिल हुए।
परिवार के सदस्य रहे मौजूद: विक्रमादित्य सिंह अपनी मां प्रतिभा सिंह, बहन-बहनोई और कुछ करीबी मित्रों के साथ चंडीगढ़ पहुंचे थे। शादी समारोह को परिवारिक और सादे रूप में आयोजित किया गया। विवाह उपरांत लंच का कार्यक्रम सेक्टर-2 स्थित अमरीन के आवास पर हुआ।
शाम को शिमला रवाना होंगे नवविवाहित दंपती: शादी के बाद विक्रमादित्य सिंह और अमरीन कौर शाम को शिमला लौटेंगे, जहां उनके पारंपरिक आवास होली लॉज में वधू प्रवेश का कार्यक्रम रखा गया है।
डॉ. अमरीन कौर – शिक्षिका और विदुषी
डॉ. अमरीन कौर, सरदार जोतिंद्र सिंह सेखो और ओपिंद्र कौर की बेटी हैं। वह पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ में साइकोलॉजी की असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। एक शिक्षित और सरल स्वभाव की महिला के रूप में उनकी पहचान है।
8-9 साल पुरानी है दोस्ती
सूत्रों के मुताबिक, विक्रमादित्य सिंह और अमरीन कौर की दोस्ती करीब आठ-नौ साल पुरानी है। विक्रमादित्य जब राजनीति में सक्रिय नहीं थे, तब उनका चंडीगढ़ आना-जाना लगा रहता था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं, जो आज एक खूबसूरत रिश्ते में बदल गईं।
हिमाचल की राजनीति में नई बहू की एंट्री
विक्रमादित्य सिंह, हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह के बेटे हैं। अब उनके जीवन में एक नया अध्याय शुरू हुआ है, जिसमें एक शिक्षिका बहू के रूप में अमरीन कौर शिमला के राजनीतिक और सामाजिक हलकों का हिस्सा बनने जा रही हैं।