हल्द्वानी. उत्तराखंड में एक बार फिर से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. प्रदेश में मानसून आने में अभी समय है. लेकिन मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई है. मौसम विभाग ने बारिश को लेकर येलो अर्लट भी जारी किया है. मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन अलर्ट पर आ गया है. सभी टीमों भी एक्शन मोड में दिखाई दे रही है. मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार अगले 4 दिन के लिए पहाड़ों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक तेज बारिश के साथ आधी चलने की आशंका है.
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से देहरादून समेत पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, चम्पावत, टिहरी और पौड़ी जिले में बिजली चमकने के साथ तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. इसके साथ ही प्रदेशभर में 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी.
उत्तराखंड में बारिश का यलो अलर्ट
इस अलर्ट के बाद आपदा प्रबंधन विभाग और सभी जिलों के डीएम को अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है. मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक डॉ़. बिक्रम सिंह ने बताया कि प्रदेश में मानसून पूरी तरह से 28 जून को प्रवेश करेगा. इससे पहले कुछ जिलों में कहीं-कहीं प्री-मानसून की तेज बारिश होने की आशंका है. इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है. बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
उत्तराखंड में तापमान की स्थिति
बुधवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा. टिहरी का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा. मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा. अल्मोड़ा का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
Tags: Haldwani news, Local18, Uttarakhand news, Weather Update
FIRST PUBLISHED : June 27, 2024, 07:01 IST










