अनूप पासवान/कोरबाः- एसईसीएल खदानों के भू-विस्थापितों को मुआवजा के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं. मुआवजा भुगतान में लेट लतीफी की जा रही है. ऐसा ही मामला दीपका एरिया में सामने आया, जहां लेट लतीफी पर भूविस्थापित नेता ने आक्रोशित होकर अर्द्धनग्न प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के बाद अधिकारी हरकत में आई.
दीपका महाप्रबंधक कार्यालय में अधिग्रहित मकान का मुआवजा लेने भू-विस्थापितों के नेता मनीराम भारती पहुंचे हुए थे. प्रबंधन द्वारा उनके दस्तावेजों में कमी बताते हुए उन्हें बाकी औपचारिकताएं पूरी करने की बात कही गई, जिससे मनीराम नाराज हो गए. एसईसीएल प्रबंधन के खिलाफ अपनी शर्ट उतारकर नारेबाजी करने लगे. चिल्ला-चिल्लाकर कहने लगे कि जब भू-विस्थापितों के जनप्रतिनिधियों को ही एसईसीएल प्रबंधन परेशान कर रहा है, तो आम भूविस्थापितों के साथ कैसा व्यवहार किया जाता होगा.
तत्काल पास किया मुआवजा
ऐसा कहते हुए धरने पर बैठ गए. जिसके बाद प्रबंधन के अधिकारी हरकत में आए. श्री भारती ने बताया कि अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए तत्काल मुआवजा राशि प्रदान करने के निर्देश सम्बंधित दस्तावेज विभाग को दिया गया. तब कहीं जाकर मनीराम भारती का आक्रोश शांत हुआ. काफी देर तक एरिया मुख्यालय में गहमा गहमी की स्थिति बनी रही.
ये भी पढ़ें:- स्टंटबाजी पड़ गया महंगा, दिल्ली पुलिस ने स्पाइडर-मैन ग्रुप का काटा 21500 का चालान, अकाउंट सस्पेंड
पुत्र का विवाह हुआ तय
मनीराम भारती ने Local18 को बताया कि उनके पुत्र की शादी तय हुई है. विवाह की तारीख नजदीक आ चुकी है, लेकिन प्रबंधन के अधिकारी दस्तावेजी कार्रवाई को धीमी गति से चला रहे थे. मुआवजा के लिए उन्हें चक्कर लगवाया जा रहा था. जिसे लेकर उन्होंने आक्रोश प्रदर्शन किया. उन्होंने कहा कि मुआवजा की प्रक्रिया में सरलता के साथ प्रभावितों की समस्या का निराकरण होना चाहिए, जिससे इस तरह की स्थिति दोबारा निर्मित न हो.
.
Tags: Chhattisgarh news, Korba news, Local18
FIRST PUBLISHED : April 30, 2024, 12:07 IST










