अबोहर की तनेजा कॉलोनी में दो घरों में चोरी, बच्चों की गुल्लक तक ले उड़े चोर

अबोहर की तनेजा कॉलोनी में दो घरों में चोरी, बच्चों की गुल्लक तक ले उड़े चोर

तनेजा कॉलोनी में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। - Dainik Bhaskar

अबोहर (फाजिल्का): शहर के मलोट रोड स्थित तनेजा कॉलोनी में बीती रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। एक घर में परिवार की मौजूदगी के बावजूद चोरी हो गई, जबकि दूसरे घर में एनआरआई मालिक की अनुपस्थिति का फायदा उठाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

छत पर सो रहे थे, नीचे से उड़ गए पैसे
पहली वारदात गुरमीत संधू के घर में हुई। परिवार गर्मी के चलते छत पर कूलर के पास सो रहा था। इसी दौरान चोर दीवार फांदकर घर के अंदर घुसे और कमरों में रखे सामान की तलाशी ली। चोरों ने 30 हजार रुपए की नकदी के साथ-साथ बच्चों की गुल्लक तक नहीं छोड़ी।

गुरमीत संधू ने सुबह करीब 5 बजे चोरी का पता लगते ही सिटी वन पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे एसआई शिव शंकर और रजनी ने स्थिति का जायजा लिया।

एनआरआई के बंद मकान को बनाया निशाना
दूसरी चोरी एनआरआई मनजीत रंधावा के मकान में हुई। रंधावा विदेश में रहते हैं और उनका मकान दो किराएदारों को दिया गया है। वारदात के समय दोनों किराएदार मौजूद नहीं थे। चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए मकान में घुसकर सामान खंगाला। चोरी का पूरा आकलन किराएदारों के लौटने पर ही हो सकेगा।

पुलिस ने शुरू की जांच
एसआई शिव शंकर ने बताया कि फिलहाल चोरी की रकम अधिक नहीं है, लेकिन चोरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मोहल्ले के सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के जरिए सुराग तलाशने में जुटी है।

स्थानीय निवासियों ने इलाके में लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई है और रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Leave a Comment

और पढ़ें