अमृतसर: अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त मामले में सख्ती बढ़ी, पुलिस ने आरोपी पर गंभीर धाराएं जोड़ीं
अमृतसर में विरासती मार्ग स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी आकाशदीप सिंह पर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस ने शुरूआत में 8 धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था, लेकिन अब इसमें और गंभीर धाराएं जोड़ी गई हैं।
पुलिस ने अब एफआईआर में धारा 152 (भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को नुकसान पहुंचाने का कृत्य), धारा 61 व 62 (आपराधिक साजिश), धारा 2 (राष्ट्रीय सम्मान को ठेस पहुंचाना), और धारा 4 (सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना) जोड़ी हैं।
भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद रावण ने अमृतसर पहुंचकर घटना पर दुख और आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन पहले से डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा की सुरक्षा करता, तो यह घटना कभी नहीं होती। चंद्रशेखर आजाद ने यह भी कहा कि वह इस मामले को संसद में उठाएंगे और सरकार से मांग करेंगे कि भविष्य में महापुरुषों की प्रतिमाओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएं।
वहीं, पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर पांच दिन का रिमांड हासिल किया है और जांच के लिए जानकारी एकत्र कर रही है।