पटना. अगर पटना या नालंदा जिलों के नामी कॉलेजों के ग्रेजुएशन कोर्स में एडमिशन लेना चाहते हैं तो अपनी तैयारी शुरू कर दीजिये, क्योंकि पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय ने च्वाइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम (सीबीसीएस) के तहत चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम में नामांकन के लिए अधिसूचना जारी कर दी है. कुलपति प्रो. आरके सिंह के निर्देश के बाद छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. एके नाग ने विस्तृत कार्यक्रम घोषित कर दिया है. इसके तहत दो मई से ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे. आवेदन की अंतिम तिथि 25 मई निर्धारित है. आपको बता दें कि पीपीयू के करीब एक लाख 20 हजार सीटों पर एडमिशन होगा.
इन कॉलेजों में मिलेगा दाखिला
पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के पटना और नालंदा जिला के अंगीभूत एवं संबद्ध महाविद्यालयों में एडमिशन होगा. इसमें पटना के कॉमर्स कॉलेज, ए एन कॉलेज, बीडी कॉलेज, जेडी वूमेंस कॉलेज, आरपीएम कॉलेज, आरके द्वारका कॉलेज, श्री अरविंद महिला कॉलेज, टीपीएस कॉलेज, समेत पटना जिले के कुल 20 कॉलेजों और नालंदा जिले के 06 कॉलेजों में नामांकन की प्रक्रिया होगी.
विश्वविद्यालय की ओर से इन महाविद्यालयों में करीब एक लाख 20 हजार सीटें निर्धारित की गई है. आपको बता दें कि पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कॉलेजों में बिना विश्वविद्यालय के स्वीकृति के नामांकन पर संबंधित छात्र का रजिस्ट्रेशन नहीं किया जायेगा. विवि ने इसको लेकर सभी कॉलेजों को निर्देश जारी कर दिए हैं.
इतना देना होगा शुल्क
छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. एके नाग ने बताया कि तीन राउंड में नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्पॉट राउंड का आयोजन किया जाएगा. इसकी तिथि नामांकन पोर्टल पर दी जाएगी. नामांकन प्रक्रिया रविवार और छुट्टियों के दिनों में भी जारी रहेगी. इसके लिए कॉलेजों में अलग से व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए है.
नामांकन प्रक्रिया राज्य सरकार की ओर से जारी आरक्षण नीति से प्रभावी रहेगा. ऑनलाइन आवेदन शुल्क के रुप में सामान्य, बीसी वन एवं बीसी टू कोटि के अभ्यर्थियों को 600 रुपये देने होंगे जबकि एससी-एसटी कोटि के अभ्यर्थियों को 450 रुपये देने होंगे.
यह है जरुरी तारीख
ऑनलाइन आवेदन आरंभ : 02 मई
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि : 25 मई
पहली मेधा सूची जारी होने की तिथि : 27 मई
पहली मेधा सूची से नामांकन की अंतिम तिथि : 05 जून
कॉलेजों की ओर से नामांकन का वैलिडेशन : 07 जून
दूसरी मेधा सूची का प्रकाशन : 08 जून
दूसरी मेधा सूची से नामांकन की अंतिम तिथि : 15 जून
दूसरी मेधा सूची से नामांकित छात्रों का वैलिडेशन : 19 जून
तीसरी मेधा सूची का प्रकाशन : 20 जून
तीसरी मेधा सूची से नामांकन की अंतिम तिथि : 27 जून
तीसरी मेधा सूची से नामांकित छात्रों का वैलीडेशन : 28 जून.
कक्षा आरंभ : 04 जुलाई.
.
Tags: Bihar News, Local18, PATNA NEWS
FIRST PUBLISHED : May 1, 2024, 20:30 IST










