कनाडा के सरे शहर में लक्ष्मी नारायण मंदिर पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखे गए, पुलिस ने जांच शुरू की
सरे, कनाडा: कनाडा के सरे शहर में स्थित प्रतिष्ठित लक्ष्मी नारायण मंदिर की दीवारों पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखे जाने से हड़कंप मच गया है। यह घटना तब हुई जब सरे में वार्षिक नगर कीर्तन का आयोजन होने वाला था। मंदिर की बाहरी दीवारों पर ‘खालिस्तान जिंदाबाद’, ‘फ्री पंजाब’ और अन्य भड़काऊ नारे लिखे गए थे।
मंदिर प्रशासन ने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी और FIR दर्ज कराई। पुलिस ने इसे संभावित घृणा अपराध मानते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह घटना साजिश हो सकती है, जिसका उद्देश्य धार्मिक आयोजन से पहले माहौल को अस्थिर करना हो सकता है।
घटना 19 अप्रैल की रात हुई, जब मंदिर की दीवारों पर नफरत फैलाने वाले नारे लिखे गए थे। मंदिर प्रशासन ने सुबह को इसकी सूचना पुलिस को दी और जांच शुरू करवाई। पुलिस इस घटना को एक गंभीर मुद्दे के रूप में देख रही है क्योंकि 20 अप्रैल को ही वार्षिक नगर कीर्तन का आयोजन होना था, जिससे दोनों धार्मिक समुदायों के बीच तनाव की आशंका जताई जा रही थी। हालांकि, नगर कीर्तन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और किसी प्रकार का कोई बड़ा विवाद नहीं हुआ।
इसके अलावा, वैंकूवर में स्थित रॉस स्ट्रीट गुरुद्वारे की दीवार पर भी इसी तरह की खालिस्तान समर्थक बातें लिखी गई हैं। गुरुद्वारा प्रशासन ने भी पुलिस को जांच में पूरा सहयोग देने का वादा किया है।
कनाडा के हिंदू और सिख समुदाय के नेताओं ने इन घटनाओं की कड़ी निंदा की है और कहा है कि धार्मिक स्थलों का सम्मान बनाए रखना चाहिए। पुलिस दोनों घटनाओं के बीच किसी संभावित संबंध की जांच कर रही है, हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि इन घटनाओं का आपस में कोई संबंध है या नहीं।