किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का अनशन 75वें दिन भी जारी, महापंचायतों की तैयारियां तेज
किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का अनशन आज 75वें दिन भी जारी है, जो दातासिंहवाला-खनौरी किसान मोर्चे पर चल रहा है। उनके नेतृत्व में किसान आंदोलन को लगातार समर्थन मिल रहा है और आगामी महापंचायतों की तैयारियां भी जोरों पर चल रही हैं। 11, 12 और 13 फरवरी को रत्नपुरा, दातासिंहवाला-खनौरी और शंभू मोर्चा पर महापंचायतें आयोजित की जाएंगी।
महापंचायतों की तैयारियों के तहत किसान नेताओं का एक दल कई गांवों का दौरा कर चुका है और उन्होंने किसानों से महापंचायत में शामिल होने की अपील की। इन गांवों में पीर कनवाडियां, सुरेवाला, नाईवाला, कुलचंद्र, सहरानी, खाराखेड़ा, गुड़िया, तंदूरवाली, बशीर और साबूआना शामिल हैं। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन (अंबावता) के पंजाब इकाई के पदाधिकारी भी किसान मोर्चे पर पहुंचे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया, जिससे किसानों का मनोबल और बढ़ा।
इसके साथ ही शंभू बॉर्डर पर जारी किसान आंदोलन में किसान मजदूर संघर्ष समिति के नेता सरवन सिंह पंधेर ने सरकार के खिलाफ बयान दिया। उन्होंने कृषि मंत्री शिवराज चौहान के उस बयान की आलोचना की, जिसमें उन्होंने कहा था कि फसल की फोटो ऐप पर अपलोड करने से बेहतर दाम मिल सकते हैं। पंधेर ने इसे किसानों की वास्तविक समस्या से भटका हुआ बताया और कहा कि किसानों की मुख्य मांग एमएसपी गारंटी कानून है, ताकि सरकार उन्हें निजी मंडियों में जाने से रोके।