कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का पंजाब दौरा: बाढ़ प्रभावित किसानों से की मुलाकात, केंद्र से हर संभव मदद का आश्वासन
अमृतसर, 4 सितंबर – केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे पर हैं। उन्होंने राज्य के अमृतसर, कपूरथला और गुरदासपुर जिलों के विभिन्न गांवों में जाकर किसानों से मुलाकात की और बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ भी मौजूद रहे।
दौरे की शुरुआत सुबह 10:30 बजे अमृतसर के घोनेवाल गांव से हुई, जहां कृषि मंत्री ने बाढ़ से प्रभावित किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद दोपहर 12 बजे गुरदासपुर के धर्मकोट रंधावा गांव और 1:30 बजे बेहरामपुर गांव में जाकर उन्होंने किसानों की स्थिति का जायजा लिया।
चौहान ने किसानों को भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार उनके साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि नुकसान का विस्तृत आकलन कर जल्द राहत पैकेज पर विचार किया जाएगा।
दोपहर 3:15 बजे कपूरथला के बेगोवाल गांव का दौरा करने के बाद शाम 5:30 बजे अमृतसर के होटल दारा रॉयल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कृषि मंत्री ने दौरे की जानकारी मीडिया के साथ साझा की। उन्होंने कहा कि “पंजाब के किसानों की स्थिति चिंताजनक है, लेकिन हम उन्हें अकेला नहीं छोड़ेंगे। हर जरूरी कदम उठाया जाएगा।”
यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब हाल ही में पंजाब के कई इलाकों में भारी बारिश और नदी के उफान से खेतों में खड़ी फसलें तबाह हो गई हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।