जबलपुर. पूरे मध्य प्रदेश में हड़कंप मचाने वाले जबलपुर मेटल इंडस्ट्री विस्फोट मामले में नया ट्विस्ट आ गया है. एक तरफ, विस्फोट के 5 दिन बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, वहीं दूसरी ओर उसकी बहू का पाकिस्तानी कनेक्शन सामने आया है. दरअसल, आरोपी शमीम कबाड़ी की बहू पाकिस्तान की रहने वाली है. हालांकि, एएसपी सोनाली दुबे का कहना है कि सिर्फ पाकिस्तानी नागरिक होने की वजह से किसी शख्स पर आशंका नहीं की जा सकती, फिर भी इस केस में हर पहलू पर जांच की जाएगी. वर्तमान में एनआईए (National Investigation Agency Government of India – NIA) और एनएसजी (National Security Guard) की टीमें भी इस मामले में जांच कर रही हैं.
अभी इस मामले में यह पता नहीं चल सका है कि विस्फोट किस चीज से हुआ. बता दें, मेटल इंडस्ट्री में हुआ विस्फोट इतना जबरदस्त था कि 8 किमी के दायरे में लोगों को भूकंप जैसे झटके महसूस हुए थे. डीआईजी तुषारकांत विद्यार्थी ने रजा मेटल इंडस्ट्री के मालिक शमीम कबाड़ी पर 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है. वह फरार है, जबकि उसके बिजनेस पार्टनर फहीम और सुल्तान को दो दिन पहले गिरफ्तार किया जा चुका है. गौरतलब है कि 25 अप्रैल की दोपहर कबाड़खाने में भयानक विस्फोट हुआ था. यह विस्फोट इतना खतरनाक था कि मौके पर काम कर रहे दो मजदूरों के चिथड़े उड़ गए थे.
एनआईए-एनएसजी को आना पड़ा मौके पर
विस्फोट की धमक गोदाम के आसपास 8 किलोमीटर तक महसूस की गई थी. इस घटना के बाद एक तरफ जहां पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी थी, वहीं दूसरी ओर घटना के दूसरे दिन एनआईए और एनएसजी की टीमें भी मौके पर पहुंच गई थीं. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि कबाड़खाने के गोदाम में कौन सी चीज ब्लास्ट हुई थी. मौके पर मिले आयुध निर्माणी फैक्ट्री के बमों के खोखे और कल पुर्जे देखकर आशंका जाहिर की गई कि किसी बम जैसी वस्तु में विस्फोट हुआ था.
विस्फोट के बाद उठ रहा ये सवाल
हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है. कभी गाड़ियों के पार्ट्स काट कर बेचने वाला शमीम कबाड़ी आयुध निर्माणी फैक्ट्री के पुर्जे यहां कैसे ले आया, यह बड़ा सवाल सभी के जेहन में है. इस मामले में जांच कर रही है एजेंसियों ने ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के अधिकारियों से भी पूछताछ की है. लेकिन, उन्होंने किसी भी तरह के बम या विस्फोटक सामग्री के कबाड़ में बेचने की जानकारी नहीं दी है.
.
Tags: Bhopal news, Jabalpur news, Mp news
FIRST PUBLISHED : April 30, 2024, 18:42 IST










