गर्मी और लू से बचने का स्वादिष्ट तरीका, डायबिटीज और बीपी के मरीजों के लिए भी फायदेमंद; जगह-जगह लगता है ठेला

सागर. मई का महीना शुरू होते ही मौसम ने भी अपने तेवर दिखाना शुरू कर दिए हैं. सड़कों पर चलना मुश्किल हो रहा है. जो लोग धूप में निकल रहे हैं वह लू की चपेट में आकर बीमार पड़ रहे हैं, लेकिन बुंदेलखंड में इन बीमारियों से बचने के लिए कई तरह के घरेलू नुस्खे अपनाए जाते हैं, जो शरीर के लिए वरदान से कम नहीं हैं.

दरअसल, बुंदेलखंड में आम का पन्ना गर्मियों के मौसम में बेहद प्रचलन में रहता है. एक तरफ जहां बड़ी आसानी के साथ हर घर में इसको बनाया जाता है, तो दूसरी तरफ बाजारों में भी यह कम दामों में मिल जाता है. बाजार में मिलने वाले आम पन्ना की कीमत 15 रुपये से लेकर 25 रुपये गिलास तक होती है. इसके नियमित सेवन करने से आप लू से बच सकते है.

ऐसे तैयार कर सकते हैं आम पन्ना
आम पन्ना, आम की कैरी यानी की कच्चे आम से तैयार किया जाता है. इसके लिए सबसे पहले आम की कैरी को पानी में उबालते हैं या फिर धधकती हुई आग में भून लेते हैं. फिर किसी बर्तन में रखकर इसका गूदा निकाल लेते हैं. फिर पानी और शक्कर डालकर इसको हाथ से या छोटी मथानी से मथते है. कुछ लोग इसमें नमक मिर्च और जीरा भी मिलाते हैं. इस तरह से आम का पना तैयार हो जाता है. इसे पीने से शरीर में पानी की कमी पूरी होती है. साथ ही शरीर में तरावट बनी रहती है. जिसकी वजह से दिमाग भी ठंडा रहता है और यह लू की चपेट में आने से बचाता है.

डायबिटीज और बीपी के मरीज ऐसे करें इस्तमाल
पिछले 25 साल से होम्योपैथी डॉक्टर के रूप में सेवाएं दे रहे सुशील सागर बताते हैं कि गर्मी के दिनों में तरल पदार्थ का सेवन करने से पानी की कमी दूर होती है. इसकी वजह से डिहाईड्रेशन की समस्या नहीं होती है. बुंदेलखंड में अलग-अलग तरह के तरल पदार्थ है, इन्हीं में से सबसे पुराना आम का पन्ना है, जिसका सबसे अधिक इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन डायबिटीज और ब्लड प्रेशर के मरीजों को इसमें थोड़ा सतर्क रहने की जरूरत होती है, जो डायबिटीज के मरीज होते हैं. उन्हें शक्कर की जगह पर कम गुड़ का इस्तेमाल करना चाहिए और जिन लोगों को ब्लड प्रेशर की समस्या है, उन्हें नमक की जगह कम मात्रा में सेंधा नमक का उपयोग करना चाहिए.

Tags: Latest hindi news, Local18, Mp news, Sagar news

Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.

Source link

Leave a Comment

और पढ़ें