गैंगस्टर लॉरेंस गैंग को झटका, AGTF ने दो मोस्ट वांटेड अपराधियों को किया गिरफ्तार
पटियाला/चंडीगढ़, 14 अगस्त 2025 — पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टास्क फोर्स ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े दो मोस्ट वांटेड गैंगस्टरों को पटियाला-अंबाला हाईवे पर गांव शंभू के पास से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों अपराधी लंबे समय से कई राज्यों की पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे थे।
हत्या के बाद नेपाल भागे थे अपराधी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार गैंगस्टर हाल ही में मई 2025 में फाजिल्का में हुए भारत रतन उर्फ विक्की की हत्या के मामले में वांटेड थे। हत्या को अंजाम देने के बाद वे नेपाल फरार हो गए थे। पुलिस के अनुसार, दोनों विदेश में बैठे गैंग के हैंडलरों के इशारों पर पंजाब लौटे थे और यहां एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
पांच राज्यों में दर्ज हैं गंभीर मामले
गिरफ्तार गैंगस्टरों के खिलाफ पंजाब, दिल्ली, राजस्थान और गुजरात सहित कई राज्यों में हत्या, हत्या के प्रयास, गैरकानूनी हथियार रखने, गैंगस्टर एक्ट जैसी संगीन धाराओं के तहत 15 से अधिक आपराधिक केस दर्ज हैं।
हथियार बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से एक ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने इस संबंध में थाना स्टेट क्राइम, एसएएस नगर में केस दर्ज किया है।
AGTF की सतर्कता से टली बड़ी वारदात
AGTF अधिकारियों के मुताबिक, दोनों अपराधी पंजाब में एक सनसनीखेज अपराध को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन समय रहते गिरफ्तारी से एक बड़ी साजिश नाकाम कर दी गई। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गैंग के और कौन-कौन सदस्य पंजाब में सक्रिय हैं।
यह गिरफ्तारी पंजाब में सक्रिय गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ पुलिस की मुहिम में एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।